- पीलीपोखर पर लगेगा एक और 500 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर

आगरा। पीलीपोखर स्थित 400 केवी विद्युत स्टेशन पर बहुत ही जल्द 500 एमवीए का नया ट्रांसफॉर्मर लगने जा रहा है। इसका बहुत ही जल्द काम शुरू होने जा रहा है। इसी महीने में ये काम पूरा कर लिया जाएगा। ट्रांसफॉर्मर के लगने के बाद पॉवर रोस्टिंग व ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल सकेगी। मथुरा की सप्लाई को मांट से पोषित किया जाएगा। इससे पीलीपोखर से लोडिंग कम हो जाएगी। कटौती से भी निजात मिल सकेगी।

अब तक एक था 500 एमवीए ट्रांसफॉर्मर

पीलीपोखर स्थित 400 केवी विद्युत सबस्टेशन पर अब तक 500 एमवीए का एक ही ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था। इसके अलावा 315 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगे हुए थे। इनसे आगरा समेत मंडल में विद्युत आपूर्ति की जाती है। गौरतलब है कि 500 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर को वर्ष 2015 में लगाया गया था। ट्रांसमिशन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 500 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाने की लागत 10 करोड़ आएगी।

ललितपुर से पॉवर ग्रिड पर हो रही सप्लाई

ललितपुर स्थित पावर प्लांट से आगरा के लिए बिजली आपूर्ति हो रही है। यह आपूर्ति फतेहाबाद स्थित 765 केवी की पावर ग्रिड पर की जा रही है। ट्रांसमिशन के अधिकारियों का कहना है कि ललितपुर पॉवर प्लांट में 660 मेगावाट की तीन मशीनें लगी हैं। इनमें से दो मशीनों से काम शुरू कर दिया है। इससे आगरा को 600 से 800 मेगावाट तक विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बता दें, आगरा में दो पावर ग्रिड हैं। इसमें एक शमसाबाद रोड स्थित एनटीपीसी (नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन) का और दूसरा फतेहाबाद स्थित 765 केवी पावर ग्रिड।

आगरा से मुरादनगर भी सप्लाई

ललितपुर से आगरा के लिए 336 किमी। लम्बी लाइन पड़ी हुई है। ललितपुर के पॉवर प्लांट से जो विद्युत आपूर्ति हो रही है, वह सीधे फतेहाबाद के 765 केवी ग्रिड पर की जा रही है। इसके बाद इस बिजली को 400 केवी स्थित पीली पोखर विद्युत स्टेशन पर उतारा जा रहा है। आगरा से मुरादनगर को भी आपूर्ति की जा रही है।