-रिपोर्ट दर्ज, तीन नामजद आरोपित हिरासत में

-रात तीन बजे मुकदमा दर्ज होने के बाद ही उठने दिया शव

-आर्थिक मदद की मांग को सुबह टूंडला-एटा मार्ग कर दिया जाम

फीरोजाबाद: नारखी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात भाजपा नेता दयाशंकर गुप्ता हत्याकांड शनिवार दोपहर तक गरमाया रहा। शुक्रवार रात ग्रामीणों के जाम लगाने पर पुलिस ने देर रात दो बजे तीन नामजद आरोपितों सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। रात में ही तीनों नामजदों के पकड़े जाने के बाद जाम खोल दिया गया, मगर आर्थिक मदद की मांग को लेकर मृतक के स्वजन शनिवार सुबह टूंडला-एटा मार्ग जाम कर धरने पर बैठ गए। विधायक के जरिए मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ही भाजपा नेता का अंतिम संस्कार किया गया।

नगला बीच भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता उर्फ डीके पर शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे बाइक पर आए तीन युवकों में से एक ने गोलियां बरसा दी थीं। घटना के वक्त दयाशंकर अपने प्रतिष्ठान पर बैठे थे। उन्हें दो गोलियां मारी गई थीं। आगरा के निजी अस्पताल में भाजपा नेता ने दम तोड़ दिया था। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने टूंडला-एटा मार्ग पर जाम लगा दिया। रात 12 बजे आगरा से शव लेकर पुलिस गांव पहुंची, उसके बाद शव नहीं उठने दिया। आगरा से आइजी ए सतीश गणेश और फिर एडीजी अजय आनंद रात में ही पहुंच गए।

दयाशंकर के भाई अतुल की तहरीर पर रात दो बजे स्कूल संचालक वीरेश तोमर के खिलाफ गोली मारने और उसके चाचा देवेंद्र तोमर, नरेंद्र तोमर के खिलाफ साजिश का मुकदमा दर्ज किया गया। रिपोर्ट में दो अज्ञात भी हैं। इसके साथ ही पुलिस ने तीनों नामजदों को दबोच लिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह सात बजे शव नगला बीच लाया गया। 25 लाख की आर्थिक मदद, आश्रित को सरकारी नौकरी की मांग को लेकर स्वजन धरने पर बैठ गए। मुख्यमंत्री ने विधायक मनीष असीजा से पूरी जानकारी ली। इसके बाद दोपहर एक बजे स्वजन ने धरना खत्म कर दिया और शव का अंतिम संस्कार किया।

तीनों नामजद आरोपित हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। दो अज्ञात के बारे में जांच चल रही है।

स¨चद्र पटेल, एसएसपी