- भाइयों को राखी बांधने के लिए हर वर्ष दिया जाता है यह तोहफा

- सिर्फ स्टेट के अंदर ही मिलेगी फ्री सफर की सुविधा

देहरादून: हर वर्ष की तरह सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों को परिवहन निगम यानी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा करने की सौगात दी है। हालांकि, यह छूट केवल प्रदेश के भीतर रहेगी। राहत यह है कि अगर प्रस्थान स्थल से गंतव्य स्थल के बीच में दूसरे राज्य का हिस्सा पड़ता है, तब भी यात्रा मुफ्त रहेगी, बशर्ते दोनों स्थल प्रदेश के भीतर हों। उदाहरण के लिए दून से रुड़की के बीच में या हरिद्वार से हल्द्वानी के बीच में उत्तर प्रदेश का सीमा क्षेत्र पड़ता है, लेकिन इस स्थिति में भी यात्रा मुफ्त रहेगी। यह सुविधा सिर्फ साधारण बसों में मिलेगी। सरकार रोडवेज को इसकी प्रतिपूर्ति देगी।

परिवहन सचिव के आदेश

सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बुधवार को सचिव (परिवहन) डा। रणजीत सिन्हा ने इस संबंध में आदेश जारी किया। शासन के आदेश के बाद रोडवेज प्रबंधन ने भी सभी मंडलों और डिपो को आदेश जारी कर दिए। महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि परिचालक टिकट मशीन से लेडीज-फ्री या लगेज बुक से टिकट बनाएंगे व किराया राशि के आगे शून्य अंकित किया जाएगा। मुफ्त यात्रा उत्तराखंड के भीतर परिवहन के लिए मान्य होगी। मुफ्त यात्रा का अलग से रिकार्ड रखा जाएगा। सभी डिपो प्रबंधक को अलग पंजिका में विवरण रखने का आदेश दिया गया है। इसके बाद उसका आंकलन कर मंडल प्रबंधक के माध्यम से मुख्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद प्रतिपूर्ति राशि के लिए शासन को पत्रावली भेजी जाएगी।

रक्षाबंधन के लिए अतिरिक्त बसें

रक्षाबंधन पर भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन ने डेढ़ सौ अतिरिक्त बसों को रिजर्व में रखने का आदेश दिया है। मौजूदा समय में लगभग 1000 बसें रोजाना संचालित हो रहीं, जबकि रोडवेज का बस बेड़ा 1250 बसों का है। इनमें 1000 बसें रोडवेज की अपनी हैं, जबकि 250 अनुबंधित हैं। पर्व को देखते हुए मुख्यालय ने दिल्ली व लंबी दूरी के मार्गो के लिए 150 अतिरिक्त बसों को संचालित करने को कहा है। जिस मार्ग पर भीड़ ज्यादा रहेगी, वहां अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।