- सेंट जोंस कॉलेज से बीएससी कर रहा था इकलौता बेटा

- ब्लीडिंग होने पर किया रेफर, मेदांता में इलाज के दौरान मौत

जेएनएन, आगरा: नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी के बेटे की डेंगू से शनिवार को मौत हो गई। उनका दिल्ली में इलाज चल रहा था। बीएससी कर रहे इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

नगर निगम में कर निर्धारण अधिकारी सुभाष भारती मूल निवासी (खिमसेर पुर, मैनपुरी) दो महीने पहले संबल से स्थानांतरित होकर आए हैं। वे यहां अपनी पत्‍‌नी, दो बेटी और इकलौते बेटे अभिषेक भारती उर्फ गोली (20) के साथ अमर विहार केके नगर में रह रहे थे। अभिषेक सेंट जोंस कॉलेज से बीएससी कर रहा था, वह चार दिन पहले कॉलेज गया था। वहां से लौटने के बाद तेज बुखार और सिर में दर्द होने लगा, उसे रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां तबीयत बिगड़ती चली गई, प्लेटलेट काउंट कम होने और ब्लीडिंग शुरू होने के बाद शुक्रवार को मेदांता हॉस्पिटल, गुड़गांव रेफर कर दिया गया। मगर, तबीयत में सुधार नहीं हुआ, शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उनके घर पहुंच गए। परिजन शव को मैनपुरी स्थित गांव में ले गए, वहां रात को अंतिम संस्कार किया गया।

डेंगू से कारोबारी की हो चुकी है मौत

इससे पहले न्यू आगरा निवासी कारोबारी की डेंगू से इलाज के दौरान मौत हो गई थी। होमगार्ड ने भी दम तोड़ दिया था। स्वास्थ्य विभाग एसएन और सरकारी अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर ही डेंगू की पुष्टि कर रहा है।

दो साल पहले 29 सितंबर को मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की हुई थी मौत

29 सितंबर 2016 में नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी जगत नारायण सिंह मूल निवासी इलाहाबाद की डेंगू से मौत हो गई थी। वे नगर निगम के आवास में रहते थे।

एसएन में डेंगू के पांच मरीज भर्ती

एसएन में डेंगू से पीडि़त पांच मरीज भर्ती हैं, इसमें से एक की हालत खराब है। इन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं, संदिग्ध मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुखार के साथ शरीर में दर्द होने पर डेंगू की जांच कराई जा रही है।