बाह के तहसील दिवस में पानी के लिए लगाई गुहार

77 में से मौके पर चार समस्याओं का ही हो सका निराकरण

आगरा। जिलाधिकारी गौरव दयाल मंगलवार को बाह तहसील में आयोजित तहसील दिवस में पहुंचे। यह जानकारी होते ही फरियादी बड़ी संख्या में अपनी अपनी समस्याएं लेकर पहुंच गए। पानी से लेकर चक रोड की समस्याएं प्रमुख रहीं।

समय पर कराएं निस्तारण

जिलाधिकारी ने लंबित समस्याएं के निस्तारण न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि समय पर तहसील दिवस में आने वाली समस्याओं का समय पर निस्तारण किया जाए। अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

री-बोर की आई समस्या

फरियादियों का कहना था कि जल स्तर लगातार गिर रहा है। ऐसे में री-बोर नहीं हो पा रहे हैं। हैंडपंप लटक गए हैं। इसपर जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों से मौके पर ही पूछा कि री-बोर क्यों नहीं हो पा रहे हैं। इसपर जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि इनके पास री-बोर के लिए बजट नहीं आया है। अगर आएगा तो री-बोर करा दिए जाएंगे।

विधायक से मदद लेने की सलाह

शिकायतकर्ताओं को जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि री-बोर और नए हैंडपंप लगाए जाने के लिए विधायकों के पास शासन स्तर से 100-100 नए हैंडपंप और 100-100 री-बोर कराए जाने का बजट आया है। अपने क्षेत्र के विधायक से इस संबंध में संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।

बजट के लिए लिखेंगे शासन को

जिलाधिकारी गौरव दयाल ने री-बोर की मांग करने वाले फरियादियों को आश्वासन ये भी दिया है कि वे बजट के लिए शासन को लिखेंगे। जैसे ही बजट आएगा उनकी समस्याओं को दूर करा दिया जाएगा।

नहीं बने हैं राशन कार्ड

जिलाधिकारी के सामने राशन कार्डो से संबंधित भी समस्याएं आई। कई लोगों ने आरोप लगाया कि उनके परिवारों के नाम ही काट दिए गए हैं। जिनकी फीडिंग अभी तक नहीं हो सकी है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे इस समस्या का शीघ्र ही निस्तारण कराएं।

चार समस्याओं का हुआ समाधान

कुल 77 शिकायतें आई, जिनमें से मौके पर ही चार समस्याओं का समाधान हो गया। शेष के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं।