- तापमान में आई गिरावट

- बारिश की बढ़ी संभावना

आगरा। लगातार गिरते तापमान ने मौसम का मिजाज ही सर्द कर दिया है। रविवार को पूरे दिन सूरज के दर्शन हीं नहीं हुए। इससे सर्दी ने ठिठुरन पैदा कर दी। ऐसे हालात अगले कुछ दिनों तक लगातार बने रहेंगे। इससे तापमान में और गिरावट आएगी और सर्दी बढ़ेगी।

सिटी में शनिवार शाम को बादल नजर आए। ये रात तक कुछ इलाकों में बरसे भी। इससे तापमान तेजी से गिरता चला गया और मौसम सर्द हो गया। इसका असर रविवार सुबह से ही देखने को मिलने लगा। लोग गर्म कपड़ों के साथ निकले। इसके बाद भी ठिठुरन लगातार बढ़ती गई। सूरज बादलों के बीच निकल नहीं पाया। इससे शाम तक मौसम में और गिरावट आई। रात में कोहरा भी पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे। कोहरे के साथ सर्दी और बढ़ने की संभावना है।

10 डिग्री तक पहुंचा तापमान

रविवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अभी लगभग चार डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान 21 डिग्री से 5 डिग्री कम रहा।

बारिश की भी संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में कोहरा बना रहेगा। सर्दी भी बढ़ेगी। वहीं दूसरे प्रदेशों और पूर्वी जिलों में बारिश का असर भी देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि कहीं-कहीं पर बारिश की भी संभावना है।