त्रयोदशी संस्कार से लौट रहे थे ग्रामीण

अनियंत्रित होकर कैंटर पोल से टकराया

आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र में एक कैंटर अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया इसके बाद 40 फुट नीचे खाई में गिर गया। इस भीषण घटना में एक महिला व एक पुरुष की मौत हो गई बाकि लोग घायल हो गए। सर्किल के फोर्स व ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। घायलों में चार लोगों की हालत सीरियस बनी हुई है।

65 लोग थे सवार

खंदौली के गांव तानगढ़ी निवासी नेमी चंद के मितावली निवासी बहनोई टीकम सिंह की मां भू देवी की मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार की दोपहर में परिवार व गांव के अन्य लोग कैंटर से त्रयोदशी संस्कार में गए थे। कैंटर में करीब 60 से 65 लोग जिसमें महिला, पुरुष व बच्चे बैठे थे। रात को पौने आठ बजे सभी वापस लौट रहे थे। आते समय गांव बहरामपुर, झरना नाले के पास कैंटर अचानक अनियंत्रित हो गया। वह 11 हजार लाइन के विद्युत पोल से टकरा गया और सड़क किनारे 40 फुट नीचे खाई में चार-पांच पलटे खाते हुए गिर गया। नीचे जाकर कैंटर सीधा खड़ा हो गया। शोर सुन बहरामपुर से ग्रामीणों ने मौके पर दौड़ लगा दी। सूचना पर सीओ श्लोक कुमार सर्किल के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण व पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर कैंटर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कैंटर के अंदर लोग लहूलुहान अवस्था में फंसे हुए थे। घायल अवस्था में बच्चों व महिलाओं का पड़ा देख लोग कांप रहे थे। मौके पर नेमी चंद की पत्‍‌नी नेक्सी देवी की मौत हो गई जबकि एक युवक को हॉस्पिटल में मृत घोषित कर दिया।