आगरा(ब्यूरो)। प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्यों की अधिकारियों से जानकारी ली। इससे पहले सर्किट हाउस में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। शहर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के साथ योजनाओं की भी जानकारी ली।

विकास कार्यों की ली जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को शाम करीब 5.45 बजे मथुरा से खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां से मुख्यमंत्री ने सीधे सर्किट हाउस पहुंचकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। करीब आधा घंटा जनप्रतिनिधियों से बातचीत के बाद सीएम ने शाम 6.30 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों, सरकार द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के बारे में अधिकारियों से बारीकी से जानकारी ली। इसके बाद शाम 7 बजे सीएम ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे। मेट्रो ट्रेन कोच का फीता काटकर आगरा मेट्रो के हाई स्पीड ट्रायल रन का शुभारंभ किया। सीएम योगी ने मेट्रो ट्रेन कोच का जायजा भी लिया।

समय से पहले पूरी होगी परियोजना
सीएम ने कहा कि आगरा के विकास के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जो नई-नई परियोजनाएं आ रही है, मेट्रो उनमें से एक है। आगरा मेट्रो का शिलान्यास पीएम मोदी ने 2020 में किया था। आगरा मेट्रो परियोजना का प्रायोरिटी कॉरिडोर जो ताज पूर्वी गेट से लेकर आगरा के मन:कामेश्वर मंदिर तक 6 किमी का है, इस कार्य को 6 माह पूर्व ही पूरा कर लिया जाएगा। जो अगस्त 2024 में पूरा होना था, वह अब फरवरी 2024 में ही पूरा करने के लक्ष्य के साथ पहले एलिवेटेड तीन स्टेशन आगरा मेट्रो के बनकर तैयार हो चुके हैं। आज मेट्रो की ट्रेन यहां उपलब्ध हो चुकी है। ट्रायल शुरू हो चुका है। आगरा वासियों को पीएम मोदी ने जो आश्वासन दिया था, उसके अनुरूप समय के पहले आगरा मेट्रो का काम पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतरीन सुविधा, आगरावासियों और आगरा आने वाले सभी पर्यटकों को उपलब्ध होगी। अब इसके हाई स्पीड ट्रायल का शुभारंभ होने जा रहा है। पहले जो ट्रायल चल रहा था वो 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से चल रहा था। 60 से 80 किमी प्रतिघंटा की स्पीड पर भी आगरा मेट्रो ट्रेन चलेगी। इसका ट्रायल आज से प्रारंभ होने जा रहा है।

तेजी से पूरा करना है प्रोजेक्ट
सीएम योगी ने कहा कि आगरा मेट्रो के 29 किमी के पहले चरण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाना है। उत्तर प्रदेश, देश के अंदर पांच शहरों में मेट्रो का सफलतापूर्वक संचालन करने वाला देश का अग्रणी राज्य है। जिसमें लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में वर्तमान में मेट्रो संचालित हो रही है। सीएम योगी ने मेट्रो रेल परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों को बधाई भी दी।

विश्व स्तरीय होगी मेट्रो सेवा
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यूपीएमआरसी ने हमेशा मेट्रो परियोजनाओं को समय पर या समय से पहले पूरा किया है। इस बार भी हम आगरा के लोगों को तय समय सीमा से पहले विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा पहुंचाने की उपलब्धि हासिल करेंगे।

पहले से चल रहा था लो स्पीड ट्रायल
आगरा मेट्रो डिपो में पहले से ही मेट्रो का लो स्पीड ट्रायल किया जा रहा था। अब मेट्रो ट्रेनों का हाई स्पीड ट्रायल तीन एलिवेटेड स्टेशनों वाले 3 किमी लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट पर शुरू होगा, जो 6 किमी लंबे पहले कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन (ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन से जामा मस्जिद तक) का एक हिस्सा है।

ये रहे मौजूद
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, मेयर हेमलता दिवाकर, जिपं अध्यक्ष डॉ। मंजू भदौरिया, विधायकगण डॉ। जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चौ। बाबूलाल, रानी पक्षालिका सिंह, डॉ। धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, कमिश्नर रितु माहेश्वरी, पुलिस कमिश्नर डॉ। प्रीतिंदर सिंह, डीएम नवनीत सिंह चहल, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीए वीसी चर्चित गौड़ आदि मौजूद रहे।

जामा मस्जिद स्टेशन का बदल गया नाम!
आगरा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रायोरिटी कॉरिडोर के रूट का जिक्र करते हुए ताज पूर्वी गेट से लेकर मनकामेश्वर तक का जिक्र किया। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि जामा मस्जिद स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। गौरतलब है कि विश्व हिंदू परिषद और अभियान फाउंडेशन के रवि दुबे ने पिछले दिनों वृंदावन में सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र सौंपते हुए शहर में बनाए जा रहे मेट्रो स्टेशन जामा मस्जिद का नाम बदलने की मांग की थी। रवि दुबे ने कहा कि जामा मस्जिद के पास ही मनकामेश्वर मंदिर है। मंदिर का निर्माण 5500 वर्ष पुराना है। जिसका प्रामाणिक इतिहास भी है। उन्होंने सीएम से स्टेशन का नाम बदलने की मांग की थी।