11 मिनट तक युनाइटेड कॉलेज में बोले योगी आदित्य नाथ

08 जगह बनाए गए थे स्वागत के लिए तोरणद्वार

27 जिलों से गुजरेगी गंगा यात्रा

1238 किमी का तय होगा सफर

60 किमी की यात्रा हुई जिले में

-गंगा यात्रा के प्रयागराज आगमन पर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

-कहा गंगा के आर्थिक महत्व को बताना गलत नहीं

-गंगा यात्रा के जरिए किनारे बसे गांवों का बदला जा रहा स्वरूप

vineet.tiwari@inext.co.in:

PRAYAGRAJ: धर्म जीवन का आधार है तो अर्थ उसकी अगली श्रेणी है। इससे मनुष्य अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति कर मोक्ष की प्राप्ति करता है। यही हमारे भारत की प्राचीन परंपरा है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों को आस्था और अर्थ के बीच के कनेक्शन के बारे में बताया। बुधवार को वह यूनाइटेड कॉलेज नैनी में गंगा यात्रा के आगमन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। लंबी दूरी तय कर प्रयागराज पहुंची गंगा यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।

27 जिलों से गुजरेगी यात्रा

गंगा यात्रा का आगमन बुधवार शाम सात बजे हुआ। यूनाइटेड कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गंगा यात्रा के कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने के कुछ समय बाद ही सीएम भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि बलिया से बिजनौर तक कुल 1238 किमी का सफर तय करने वाली गंगा यात्रा का समागम 31 जनवरी को कानपुर में होगा। उन्होंने बताया कि यात्रा कुल 27 जिलों से होकर गुजरी है। बुधवार को प्रयागराज संगम में गंगा के जल अविरलता और निर्मलता को देखकर मन प्रसन्न हो गया। इस गंगा यात्रा के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गंगा स्वच्छता से जुड़ी प्रेरणा जुड़ी है।

बदल जाएगी गांवों की सूरत

-यात्रा का उददेश्य लोगों को गंगा की निर्मलता व स्वच्छता के प्रति उनके उत्तरदायित्वों से परिचित कराना है।

-गंगा किनारे के जिन गांवों से यह यात्रा गुजरेगी उन गांवों का आर्थिक दृष्टि से उद्धार किया जाना है।

-इन गांवों में बच्चों के खेलने का मैदान, गंगा तालाब, फलदार पौधों का रोपण, कंपोस्ट पिट निर्माण, सोक पिट निर्माण, आजीविका संव‌र्द्धन के कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

-शौचालयों के साथ अन्य महत्वपूर्ण निर्माण भी होंगे। इससे गंगा के आर्थिक महत्व को बल मिलेगा।

योगी ने किया कुंभ का गुणगान

11 मिनट के भाषण में सीएम ने 2019 में आयोजित कुंभ का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि कुंभ का आयोजन पूरी दुनिया को क्राउड मैनेजमेंट, स्वच्छता, सैनिटेशन, टेक्नोलाजी का पाठ पढ़ा गया। उन्होंने 2013 में सपा शासनकाल में आयोजित कुंभ के आयोजन पर प्रहार भी किया। कहा कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद 12 करोड़ ने कुंभ में स्नान किया था। हमने 25 करोड़ जनता को मां गंगा के आशीर्वाद और पीएम की प्रेरणा से संगम स्नान कराकर इतिहास रच दिया। उन्होंने पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा गंगा यात्रा की जगह अर्थ यात्रा कहने और इसे गंगा का अपमान कहने पर आपत्ति भी जताई। उन्होंने कहा कि जो लोग देश के खिलाफ दुश्मनी की भाषा बोलते हैं वह गंगा के प्रति ऐसा करने का दुस्साहस भी कर सकते हैं।

बरसाए फूल, किया जोरदार स्वागत

इसके पहले गंगा यात्रा का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। आठ जगहों पर तोरण द्वार बनाकर यात्रा पर फूल बरसाए गए। यात्रा का स्वागत भाजपा नेता नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। यात्रा के साथ उप्र सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह प्रयागराज पहुंचे थे। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्र सरकार के राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया, उप्र सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राजेंद्र प्रताप सिंह मोदी सिंह, नीलकंठ तिवारी, शंकर गिरि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक प्रवीण पटेल, हर्ष बाजपेई, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह गौर, राजमणि कौल, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सभा को संबोधित भी किया। आकाशवाणी कलाकार रत्‍‌नेश दुबे, भूपेंद्र शुक्ला और कविता निगम ने अपने भजनों से लोगों को मंत्रमुग्ध भी किया।

कानपुर रवाना हो गई यात्रा

प्रयागराज में 60 किमी की यात्रा तय करने के बाद यात्रा देर रात कानपुर के लिए रवाना हो गई। गुरुवार को यात्रा का कौशांबी में भव्य स्वागत किया जाएगा। इसमें उप्र के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा उपस्थित रह सकते हैं। यात्रा के दौरान भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे और उन्होंने भारत माता और मां गंगा से जुड़े गगनभेदी नारे भी लगाए।