-पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

PRAYAGRAJ: पति द्वारा गुरुवार रात की गई बेरहमी से पिटाई के कारण गर्भवती जुही (29) की मौत गई। मामले की खबर मिलते ही पहुंचे मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की बात सुनते ही थरवई पुलिस भी पहुंच गई। किसी तरह लोगों को शांत कराते हुए जुही को एसआरएन हॉस्पिटल लाया गया। यहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बॉडी को पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जुही के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति व ससुर समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पत्नी व पिता संग पति रहता था अलग

फाफामऊ से सटे थरवई एरिया के कोड़सर गांव निवासी उदयनाथ मिश्र की शादी जुही से करीब साल भर पूर्व हुई थी। बताते हैं कि शादी बाद उदयनाथ गांव के बाहर मकान बनाकर परिवार के साथ रहने लगा। उसके साथ पिता मुरलीधर भी रहा करते थे। करीब छह माह से जुही गर्भवती थी। इसके चलते उसे घर के कामकाज में परेशानी होती थी। गुरुवार रात इसी बात को लेकर उसका पति उदयनाथ से विवाद हो गया। अचानक तैश में आए पति ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। बेरहमी से पिटाई के कारण उसे गंभीर चोटें आई और उसकी मौत हो गई।

सलोरी है में जुही का मायका

सुबह खबर मिलने पर सिटी के सलोरी स्थित मायके से उसके पिता रामदत्त परिजनों के साथ कोड़सर पहुंचे। बताते हैं कि बेटी को मृत देख सभी ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस जुही को जीवित बताकर एसआरएन हॉस्पिटल लाई। यहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामदत्त की तहरीर पर पुलिस ने पति व उसके ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।

मृतका के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोप है कि पति की पिटाई से उसकी मौत हुई है। महिला प्रेगनेंट भी थी।

-भुवनेश कुमार चौबे, इंस्पेक्टर थरवई