- करछना के मछहर गांव में दबिश पर गई पुलिस पर पथराव

- तीन सिपाही हुए जख्मी, फिर से डाली रेड, तीन को पकड़ा

- 20 के खिलाफ एफआईआर, 16 हुए नामजद

ALLAHABAD: होली के लिए बड़े पैमाने पर कच्ची शराब तैयार करने की खबर मिलने पर मछहर गांव में दबिश डालने गई करछना थाने की पुलिस चोट खाकर लौटी। गुरुवार तड़के गांव पहुंची पुलिस को शराब के धंधे से जुड़े लोगों ने घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में तीन सिपाही जख्मी हो गए तो पुलिस टीम को उलटे पांव वापस लौटना बाद। बाद में एक्स्ट्रा फोर्स बुलाई गई और गांव में फिर से रेड डाली गई। पुलिस ने तीन हमलावरों को अरेस्ट कर लिया है। इस मामले में 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है जिसमें से 16 नामजद हैं।

पूरे गांव में धधक रहीं भट्ठियां

मछहर गांव अवैध शराब के कारोबार के लिए बदनाम है। पुलिस को खबर मिली थी कि होली के लिए शराब बनाने का काम जोरों पर चल रहा है। गांव के कछार में दिन रात भट्ठियां धधक रही हैं। जानकारी मिलते ही एसओ करछना एके सिंह टीम के साथ तड़के कछार में पहुंच गए। कछार में पुलिस को देखकर शराब बनाने वाले भाग गए। पुलिस ने भट्ठियों को तोड़ना और लहन को नष्ट कराना शुरू किया ही था कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस को घेरने वालों में महिलाएं भी थीं।

हाथ में था फरसा

पुलिस को घेरने वाले अधिकांश लोगों के हाथ में फरसा, लाठियां, कटवासा और ईट-पत्थर थे। चारों ओर से पुलिस पर पत्थर बरसाए जाने लगे। इसमें सिपाही देवेंद्र सिंह, संतोष यादव और हनुमंत सिंह जख्मी हो गए। कुछ और सिपाहियों को भी मामूली चोटें आई। पथराव के बीच पुलिस को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। टीम पर हमले की खबर जैसे ही वायरलेस पर फ्लैश हुई, सीओ बारा कई थानों की फोर्स के साथ स्पॉट पर पहुंच गए। बाहर से फोर्स को आता देख फिर से पथराव किया गया लेकिन इस बार यह दांव काम नहीं आया। पुलिस ने ग्रामीणों को लाठी पटककर खदेड़ दिया। पुलिस ने स्पॉट पर से महेंद्र पासी, रोशन लाल और गुड्डू को पकड़ लिया। पथराव कराने वाले लोगों को यही तीनों उकसा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने हर मकान की तलाशी लेनी शुरू की लेकिन तब तक अधिकांश ग्रामीण भाग चुके थे।

चौकीदार है सरगना

जिस पर पुलिस को शराब बनाने वालों की जानकारी देने की जिम्मेदारी है, वह खुद ही अवैध धंधे का निकला। एसओ करछना के मुताबिक कछार में शराब बनाने का खेल चौकीदार राममणि, बबलू और महेंद्र की शह पर चल रहा था। जब पुलिस पहुंची तो यही तीनों नजर आए। एफआईआर दर्ज कर नामजद आरोपियों की अरेस्टिंग के लिए दबिश दी जा रही है।