प्रयागराज ब्यूरो । अपराधियों के साथ धूमनगंज पुलिस का शुक्रवार की रात दो बार आमना सामना हुआ। दोनों मुठभेड़ के दौरान पुलिस को आत्मरक्षार्थ गोली चलानी पड़ी। इसके बाद दो युवकों को पकड़ा गया। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। दोनों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि स्वस्थ होने के बाद दोनों को चालान करके कोर्ट में पेश किया जायेगा। पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दस हजार घोषित था इनाम
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के रहने वाले अच्छे के दो बेटे ताहा और खुशरो अपराधी निकल गए। ताहा और खुशरो की दबंगई से इलाके के लोग त्रस्त हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों पर जिंदा रहने के दौरान अतीक का हाथ था। इसके चलते उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पाता था। इसके चलते दोनो का हौसला बढ़ा तो वे गैर कानूनी कार्यों में इनवाल्व हो गये। मुकदमा दर्ज हुआ तो पुलिस ने इनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस का दबाव बना तो दोनों बमरौली इलाके को छोड़कर दूसरी जगहों पर अपराध करने लगे। जिस पर कई मुकदमे दर्ज होने की वजह से धूमनगंज पुलिस ने दोनों पर दस दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।

शनिवार भोर में हुई मुठभेड़
धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश मौर्य को जानकारी मिली कि ताहा और खुशरो दोनों कसारी मसारी में हैं। लंबे समय बाद दोनों की मुखबिरी मिलने पर इंस्पेक्टर ने आनन-फानन में अपनी टीम तैयार की। टीम में शामिल दारोगा रणविजय, सौरभ पांडेय, अखंड प्रताप, विवेक कुमा और विपिन वर्मा समेत कई पुलिस कर्मी कसारी मसारी पहुंच गए। पुलिस टीम ने एक खाली मैदान के पास दोनों को घेर लिया। दोनों पुलिस को देख फायरिंग करने लगे। जिस पर पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग बंद हुई तो पुलिस नजदीक पहुंची। दोनों घायल पड़े थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए एसआरएन भेजा। दोनों के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।

दोनों सगे भाई बेहद शातिर अपराधी हैं। दोनों के खिलाफ दस केस दर्ज हैं। कसारी मसारी में दोनों भाइयों ने पुलिस पर फायरिंग की। इसके बाद जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए।
वरुण कुमार, एसीपी धूमनगंज

धूमनगंज पुलिस टीम पर बमरौली के सगे भाइयों ताहा और खुशरो ने फायरिंग की है। दोनों पर दस दस हजार रुपये का इनाम है। दोनों की तलाश पुलिस कई महीने से कर रही थी। पुलिस मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार किया गया है।
दीपक भूकर, डीसीपी सिटी