प्रयागराज (ब्‍यूरो)। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सुबेदारागंज में राष्ट्रीय ऊर्जा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कम ऊर्जा खपत वाले उत्पादों को शामिल किया गया। साथ ही ऊर्जा संरक्षण के उपायों के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। प्रदर्शनी को लेकर लोगों ने जमकर सराहना की। प्रदर्शनी का आयोजन रेलवे के विद्युत विभाग ने किया।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने दीप प्रज्जवलन के उपरांत फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर अनूप कुमार अग्रवाल ने महाप्रबंधक सतीश का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। प्रदर्शनी में एलईडी बल्व, सोनल पैनल, केबिल, प्रीपेड मीटर के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। जिसमें ऊर्जा संरक्षण के उपायों पर प्रकाश डाला गया। महाप्रबंधक सतीश कुमार ने ऊर्जा संरक्षण 2023 में उत्तर मध्य रेलवे को प्रथम स्थान मिलने पर रेलवे के बिजली विभाग को बधाई दी। महाप्रबंधक ने सभी से कहा कि वे ऊर्जा संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें। कहा कि ऊर्जा संरक्षण से विकास की रफ्तार तेज होती है। हर समय जलने वाला एक बल्व हमारे विकास की ऊर्जा का क्षय कर रहा है। ऐसे में जरुरत पर ही इलेक्ट्रानिक उपकरणों का इस्तेमाल होना चाहिए। इंजीनियर अनूप कुमार अग्रवाल ने रेलवे के ऊर्जा खपत और सौर ऊर्जा उत्पादन से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक चंद्रप्रकाश गुप्त समेत तमाम अफसर, कर्मचारी मौजूद रहे।