मरने वालों में एक कीड़गंज दूसरा सोरांव एरिया का रहने वाला

शनिवार को 141 नए पेशेंट सामने आये, 49 ने दी कोरोना को मात

बल्क में जांच शुरू हुई। सैम्पलिंग की संख्या बढ़ा दी गयी। इसका इम्पैक्ट भी सामने आ गया है। जांचों के अनुपात में केसेज की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को भी 141 नये केस कोरोना संक्रमण के सामने आये। वीकंड लॉकडाउन होने के चलते शनिवार को कोविड जांच केन्द्र पहुंचकर सैंम्पलिंग करानेवालों की संख्या कम रही। हेल्थ डिपार्टमेंट अब खुद डोर-टु-डोर सर्वे कराकर कोरोना लक्षण वाले मरीजों को चिन्हित करने पर काम करने लगा है। शहर में जांच केन्द्रों की संख्या बढ़ा दी गयी है। शनिवार को 141 मरीजों के दस्तक देने के बाद जिले में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2569 हो गए हैं। दो मौतें शनिवार को भी हुई हैं। मरने वालों में महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। दोनों को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

एक दिन पहले हुई थी एडमिट

सोरांव की रहने वाली 47 साल की महिला की मौत शनिवार को हो गई। उन्हें इलाज के लिए एसआरएन हॉस्पिटल में शुक्रवार को भर्ती कराया गया था। डॉक्टर्स के मुताबिक महिला को डायबिटीज की शिकायत थी। कोरोना के चलते संक्रमण फेफड़े तक जा पहुंचा और निमोनिया से महिला की जान चली गई। जबकि दूसरी मौत कीडगंज के रहने वाले 60 साल के बुजुर्ग की है। उन्हे 30 जुलाई को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ब्लड प्रेशर से वह ग्रसित थे। बताया गया कि कोरोना संक्रमण के चलते उन्हे निमोनिया की शिकायत थी जिससे उनकी जान चली गई।

49 मरीज हुए स्वस्थ

इस बीच कोरोना संक्रमण से ग्रसित 49 मरीजों को शनिवार को डिस्चार्ज किया गया। सर्वाधिक 29 मरीज कालिंदीपुरम से डिस्चार्ज किए गए। जबकि एसआरएन हॉस्पिटल से 11 मरीज स्वस्थ होने के बाद घर भेजे गए हैं। हॉस्पिटल में अब 91 पाजिटिव मरीज भर्ती हैं। कोटवा में 58 मरीजों का इलाज चल रहा है। सर्वाधिक मरीज होम आइसोलेशन में हैं। इनकी संख्या 609 पहुंच चुकी है।

शनिवार को 43 महिलाएं मिलीं संक्रमित

संक्रमितों की बढ़ती संख्या में महिलाओं की भागीदार एक चौथाई हिस्से तक पहुंचने लगी है। शनिवार को कुल 141 संक्रमित पाये गये। इसमें 43 महिलाएं शामिल हैं। खास बात यह है कि कई महिलाएं ऐसी हैं जिनकी उम्र 30 साल से कम है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यह डाटा जारी नहीं किया गया है कि इसमें वर्किंग कितनी हैं और कितनी हाउसवाइफ हैं। माना जा रहा है कि रविवार से डोर टु डोर सर्वे और कोरोना संक्रमण जैसे लक्षण वालों की तलाश शुरू होने के बाद महिलाओं का नया ग्राफ सामने आ सकता है।

संक्रमण पर लगाम लगाने की पूरी कोशिश की जा रही है। लोग अधिक से अधिक संख्या में जांच कराएं। त्योहार का सीजन आ रहा है। मास्क का यूज करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

डॉ। ऋषि सहाय,

नोडल कोविड 19