-पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद होम आइसोलेशन में रखा गया था युवक, मुकदमा दर्ज

-सिविल लाइंस स्ट्रेची रोड निवासी पॉजिटिव युवक की गली है लॉक

PRAYAGRAJ: होम आइसोलेशन में रखा गया कोरोना पॉजिटिव युवक शहर में रविवार को घूमता मिला। गैर-जिम्मेदारानारवैया अपनाते हुए उसे घूमते हुए देख लोग भी सन्नाटे में आ गए। लोगों ने मामले की खबर पुलिस को दी तो फोर्स हरकत में आ गई। सिविल लाइंस थाने में उसके खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ऐसे में कोरोना से सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

उप निरीक्षक ने दी तहरीर

सिविल लाइंस के स्ट्रेची रोड निवासी इस युवक की उम्र 30 साल है। बताते हैं कि कुछ दिन पहले इसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। रिपोर्ट के बाद मोहल्ले में उसके घर जाने वाली सड़क को पुलिस ने लॉक कर दिया। होम आइसोलेशन में उसका इलाज चल रहा था। रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भी वह घर से निकलकर बेफिक्र होकर शहर में घूम रहा था। उसे घूमते हुए देख जानने वालों के होश उड़ गए। लोगों ने जानकारी क्षेत्र में गश्त कर रहे उपनिरीक्षक मोहन सिंह को दी। होम आइसोलेशन में रखे गए कोरोना पॉजिटिव युवक के घूमने की खबर सुनते ही पुलिस भी सन्नाटे में आ गई। हालांकि बगैर देर किए विभाग ने एक्टिव हो गया। उप निरीक्षक की तहरीर पर युवक के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में धारा 188, 269, 270, 3, 51 (बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

शहर में संभल कर निकलें आप

-घूमते हुए मिले कोरोना पॉजिटिव युवक को लेकर लोगों में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।

-कहा जा रहा है कि पॉजिटिव मरीजों का रवैया यही रहा तो शहर में कोरोना का कंट्रोल हो पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन हो सकता है।

-ऐसे में यह कहना शायद ही गलत हो कि सुरक्षा को लेकर प्रशासन व पुलिस के जवानों की मेहनत पर पानी फिरना तय है।

-यह मालूम होने के बावजूद कि रिपोर्ट पॉजिटिव है और होम आइसोलेशन किया गया है। बावजूद इसके घर से निकल कर घूमना लापरवाही ही कही जाएगी।

जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइंस थाने में बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

-बृज नारायण सिंह, सीओ प्रथम