प्रयागराज (ब्‍यूरो)। ईद से ठीक एक दिन पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। बड़ी बहन के साथ बाजार गई एक किशोरी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से स्वजनों में कोहराम मचा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेज कार्रवाई में जुटी रही।

साथ निकली थीं दो बहनें
जानकारी के मुताबिक लेहड़ी गांव निवासी रहमत अली की 14 वर्षीय किशोरी बेटी अल्पिया बानो अपनी बड़ी बहन नाजिया बानो के साथ उरुवा बाजार सब्जी खरीदने आई थी। बाजार पहुंची ही थी कि प्रयागराज से मिर्जापुर जा रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने दोनों बहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अल्पिया को गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बाजार वासी कुछ समझ पाते, उक्त वाहन चालक मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी किशोरी के परिजनों को हुई, तो वह दहाड़े मार रोने लगे। परिजन घटनास्थल पहुंचे और किशोरी की सांस चलने की उम्मीद पर अस्पताल लेकर भागे, लेकिन दुर्घटना भयानक थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना करने वाला वाहन काले रंग की स्कॉर्पियो थी। मृतक किशोरी चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी।

किशोरी को रौंदते हुए भागा चालक
सड़क दुर्घटना के दौरान कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनियंत्रित स्कॉर्पियो की टक्कर से किशोरी कुछ दूर आगे गिर गई। बताया कि घायल किशोरी उठने के प्रयास में थी, तभी उक्त वाहन उसे रौंदते हुए भाग निकला। वाहन चालक की क्रूरता देख ग्रामीणों में आक्रोश रहा। गंभीर रूप से घायल बड़ी बहन नाजिया बानो का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी भी हालत गंभीर है।