करछना तैनात दरोगा का बेटा साथियों को लेकर राजरूपपुर में घुसा महिला के घर में

दरवाजा तोड़ने की कोशिश, घर के बाहर तोड़फोड़

बीटीसी कर रही लड़की से इश्क का दावा, पुलिस पंचायत में जुटी

लड़की बीटीसी कर रही है और लड़का कक्षा नौ का छात्र है। इसके बाद वह लड़की से प्यार करने का दावा करता है। आते-जाते छेड़ता है। शनिवार की रात उसने लड़की तक संदेश पहुंचाने के लिए उसके भाई का सहारा लिया। विरोध करने पर पहले उसे धुना और फिर 20-25 लोगों को लेकर लड़की के घर पहुंच गया। जबरन घर में घुसने की कोशिश की। दरवाजा न खोलने पर धक्का मारकर कुंडी तोड़ दी। बाहर रखे गमले आदि तोड़ डाले। यह देखकर लड़की की मां बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। धावा बोलने वाले लड़के को दबोचकर धूमनगंज थाने ले आई। लेकिन, यह पता चलने पर कि लड़के के पिता करछना में तैनात हैं, बैकफुट पर आ गई। समझौता का प्रयास शुरू कर दिया। इसे लेकर देर रात तक धूमनगंज थाने में पंचायत जारी थी।

पिता को कर चुकी हैं शिकायत

दोनों परिवार धूमनगंज थाना क्षेत्र के बरसाना राजरूपपुर मोहल्ले के रहने वाले हैं। लड़की के पिता सेंट्रल स्कूल में टीचर हैं। धूमनगंज थाने में मौजूद छात्रा की मां कहना था कि बेटी का पीछा और भद्दे कमेंट पास करने की शिकायत वह लड़के के पिता से कर चुकी हैं। तीन बार शिकायत के बाद भी लड़के के पिता ने इसे सीरियसली नहीं लिया तो लड़के का हौसला बढ़ गया और वह सरेआम बत्तमीजी पर उतर आया।

कोचिंग से निकला था भाई

लड़की का भाई राजरूप में कोचिंग पढ़ता है। शनिवार की रात आठ बजे वह कोचिंग से निकला तो उसकी बहन का पीछा करने वाला वहां खड़ा मिल गया। उसने उसे रोका और बहन तक संदेश पहुंचाने को कहा कि वह उसे प्यार करता है और अपने साथ ले जाएगा। भाई ने इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई की गई। धमकाया गया कि घर में आकर उठा ले जाएंगे। भाई ने घर आकर यह बात परिवारवालों को बताई तो वे सहम गए। रात साढ़े दस बजे के आसपास पीछा करने वाला लड़का 20-25 लड़कों के साथ लड़की के घर पहुंच गया। इससे पूरे मोहल्ले में हंगामा खड़ा हो गया। लेकिन, दरोगा का बेटा होने की वजह से कोई उसके खिलाफ मुंह खोलने का साहस नहीं बटोर सका। हमसे से लड़की की मां की हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दर्जनभर लोगों को पकड़कर थाने लाया गया। समाचार लिखे जाने के समय तक छात्रा की मां की तरफ से रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी गई थी। लेकिन, पुलिस समझा-बुझाकर रफा-दफा कराने के प्रयास में जुटी थी।