घटना के बाद खुद थाने पहुंचा ससुर, किया सरेंडर, बेटे का चल रहा इलाज

<घटना के बाद खुद थाने पहुंचा ससुर, किया सरेंडर, बेटे का चल रहा इलाज

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: पति बीमार था। अस्पताल में भर्ती था। सुबह-सुबह ससुर ने कुछ बोला तो बहू ने उसका जवाब दे दिया। यह ससुर को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने बहू को मौत दे दी। बीच बचाव करने पर अपनी पत्‍‌नी को भी नहीं बख्शा। वह भी गंभीर अवस्था में अस्पतला पहुंच गयीं। इसके बाद ससुर खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने हत्या करना कुबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मंगलवार को हुआ था पति का आपरेशन

घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है। यहां के श्याम बाबू प्रजापति के परिवार में मां अनारकली, पत्‍‌नी सीमा व चार बच्चे शिवम, अर्जुन, खुशबू व मोनू हैं। कुछ दिनों पूर्व अचानक श्याम बाबू की तबियत बिगड़ने पर नैनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उसका आपरेशन हुआ था।

ससुर और बहू में था विवाद

परिवार में पिछले कुछ दिनों से घरेलू कलह चल रही थी। ससुर आए दिन बहू सीमा से किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा करता था। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे परिवार के लोग नित्यक्रिया में व्यस्त थे। इसी बीच ससुर का बहू सीमा से खाने-पीने को विवाद हुआ तो तैश में आकर उसने लोहे की राड से सीमा पर हमला कर दिया। जख्मी सीमा की चीख सुनकर सास अनारकली बचाने पहुंची तो ससुर ने उसकी भी पिटाई कर दी। वह भी गंभीर रुप से घायल हो गई। सीमा की मौके पर ही मौत हो गई।

शोर सुनकर जुटे पड़ोसी

घर में बवाल देख बच्चे जोर जोर से रोने लगे। शोर सुनकर आस-पास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। तब ससुर ने थाना पहुंच कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया था। अस्पताल में भर्ती सीमा के पति को जैसे ही उसके मौत की सूचना मिली तो वह दहाड़े मारकर रो पड़ा। लेकिन, उसे चुप कराने वाला भी कोई नहीं था।

कारण घरेलू विवाद है। हत्यारोपित को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

-दीपेन्द्र नाथ चौधरी,

एसपी, यमुनापार