- विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

CHAYAL(9 Dec,JNN): कोखराज थाना क्षेत्र के धन्नी नहरिया गांव में दबंगों ने चार गज जमीन की खातिर एक महिला के घर पर चढ़ कर जमकर बवाल काटा। महिला के विरोध करने पर दबंगों ने उसे अर्धनग्न करके पीटा और उसका कच्चा घर ढहा दिया। इस दबंगई की शिकायत करने इलाकाई चौकी पहुंची महिला की पुलिस ने भी सुनवाई नहीं की।

लाठी डंडा लेकर पहुंचे

कोखराज के धन्नी गांव के मजरा नरहिया निवासी महिला का पड़ोस में रहने वाले बंशी पुत्र छोटे लाल आदि से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार को उसका पति काम के सिलसिले में घर के बाहर था तभी उसके परिवार के पन्ना, गणेश, रंजीत राकेश आदि लोग लाठी डंडा लेकर आ धमके और गाली गलौज करने लगे।

बच्चों को भी पीटा

इस बात का विरोध जब महिला व उसके बच्चों ने किया तो दबंगों ने उस पर हमला बोल दिया और पीट दिया। दबंगों की पिटाई से महिला के कपड़े फट गए। करीब एक घंटा पर महिला के दरवाजे पर बवाल करते हुए दबंगों ने उसका कच्चा घर ढहा दिया। इसके बाद दबंग जब वहां से चले गए तो महिला ने मूरतगंज चौकी पुलिस जाकर लिखित तहरीर दिया लेकिन उसकी तहरीर पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

बाक्स

देवर ने विवाहिता को पीटा, गिराई दीवार

कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया पूरब गांव में एक विवाहिता को जमीन के विवाद के चलते उसके ही देवर हीरा लाल पुत्र छेदी लाल ने पीट दिया और विवादित दीवार को जबरन गिरा दिया। इससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दूसरी तरफ विवाहिता ने इस बात से आहत होकर देवर के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाकर तहरीर इलाकाई पुलिस को दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।