- रामबाग में भी लगा है गंदगी का अंबार

- वार्ड के लोग गंदगी और कचरे से हैं परेशान

ALLAHABAD: शहर जगह-जगह लग रहे कचरे के ढेर और इस पर नगर आयुक्त का कचरा सड़क पर फेंकने पर कार्रवाई के बयान से पब्लिक गुस्से में है। रामबाग वार्ड के लोग भी गंदगी में ही रह रहे हैं। अपने-अपने घरों के बाहर ही कचरा फेंक देते हैं। आईनेक्स्ट रिपोर्टर ने जब लोगों से कहा, नगर आयुक्त कार्रवाई कर सकते हैं, तो पब्लिक ने दो टूक जवाब दिया, नगर आयुक्त व्यवस्था तो ठीक नहीं कर सकते, केवल धमकी दे सकते हैं। सीपी-डीपी और कंटेनर न होने पर कचरा अपने घर के बाहर नहीं तो क्या पड़ोसी के घर के बाहर फेंकेंगे।

रामबाग का तो रखा होता ख्याल

शहर के तमाम इलाकों और वार्डो की तरह रामबाग का भी बुरा हाल है। यहां जगह-जगह गंदगी का ढेर एक-एक सप्ताह तक पड़ा रहता है। जबकि रामबाग वार्ड से शहर के हजारों लोगों का जुड़ाव है। क्योंकि प्रसिद्ध नौग्रह मंदिर और हनुमान मंदिर इसी वार्ड में है। इसके अलावा कई और धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थान हैं।

अन्य वार्डो का भी कचरा यहां आ रहा

रामबाग वार्ड में पायल टॉकीज के बगल में बने कचरा डिपो में कई-कई दिनों तक वार्ड का कचरा जमा रहता है। वहंी आस-पास के वार्ड का कचरा भी यहीं फेंका जा रहा है, जो समय से नहीं उठता है।

आखिर कब सुधरेगा रामबाग

सबसे ज्यादा परेशानी गंदगी और कचरे से है। कचरा रोज उठता ही नहीं है। कर्मचारियों की मनमानी से कूड़ा सड़ता है, जिससे काफी दिक्कत होती है।

श्रीमती नयन पांडेय

हमारा वार्ड तो बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन नगर निगम की लापरवाही से यहां समस्याएं ही समस्याएं हैं। पहले जलजमाव और कचरा दोनों से परेशान थे। अब केवल कचरे ने नाक में दम कर रखा है।

सुशीला दुबे

वार्ड में जल निकासी की व्यवस्था सबसे ज्यादा खराब है। थोड़ी सी बारिश होने पर पानी घरों में घुस जाता है। नालियां चोक हो जाती हैं। जिससे काफी दिक्कत होती है। पार्षद से शिकायत की जाती है। लेकिन निगम अधिकारी उनकी बात भी नहीं सुनते हैं।

तीर्थेश्वर पुरी

आप अपनी आंखों से देख लीजिए, घर के सामने कचरे का ढेर लगा है। पूरे इलाके में एक-दो प्वाइंट छोड़ दिया जाए तो दूर-दूर तक सीपी-डीपी नहीं है।

अनिल कुमार

रामबाग चौराहे पर एक बड़ा नाला है, जिसकी दीवार टूटने से ये दुर्घटना का कारण बना हुआ है। नाले में गिरकर दो महीने पहले एक मजदूर की मौत हो चुकी है। नगर निगम ध्यान नहीं दे रहा है।

आरबी सक्सेना

बाई का बाग दुर्गा पूजा मैदान अराजक तत्वों का अड्डा बना रहता है। शाम होते ही पता नहीं-कहां-कहां के लोग यहां आ जाते हैं और शराब पीते हैं, जुआ खेलते हैं।

शंकर राव

रामबाग, बाई का बाग चौराहा से पर डे हजारों वाहन गुजरते हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बस, ट्रक और ऑटो वाले पैदा करते हैं। जो सड़क पर ही डेरा जमाए रहते हैं। इससे सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे परेशान होते हैं। एक्सीडेंट की संभावना बनी रहती है।

माई विद्यापुरी

महंत जूना अखाड़ा

---------

नगर निगम के कर्मचारियों की वजह से पूरा वार्ड कचरा घर बन गया है। आस-पास के वार्डो का कचरा भी यहां फेंका जाता है। यहां के लोगों ने चौड़ी-चौड़ी सड़कों पर कब्जा कर रखा है। जिसका कई बार विरोध कर चुकी हैं। लेकिन बड़े-बड़े लोगों की सिफारिश से मामला शांत हो जाता है।

श्रीमती आभा द्विवेदी

पार्षद, वार्ड-म्7 रामबाग

रामबाग में गंदगी की शिकायत सही है। इस वार्ड में हनुमान मंदिर के पीछे व स्टेशन के आगे नाले काफी खराब हैं। मैंने बारिश के मौसम में खुद निरीक्षण कर इसे साफ कराने और गंदगी को दूर कराने का आदेश दिया था। अगर काम नहीं हुआ है तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।

अभिलाषा गुप्ता

मेयर, नगर निगम

काउंट डाउन

अब- पांच दिन बचे

शनिवार को आई नेक्स्ट ने जब शहर की सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त से सवाल किया था तो नगर आयुक्त आरपी सिंह ने जवाब दिया था कि एडब्ल्यूपी से हमने सभी गाडि़यां ले ली हैं, जिनकी मरम्मत कराई जा रही है। हम शहर को साफ-सुथरा बनाने में सक्षम हैं। गाडि़यां बन रही हैं, विद इन वन विक नगर निगम कचरे के ढेर से लड़ने के लिए संसाधन से लैस हो जाएगा। इसके बाद शहर को कचरे से छुटकारा मिल जाएगा। कचरा शहर से बाहर बसवार स्थित प्लांट तक पहुंचने लगेगा। जो एडब्ल्यूपी द्वारा काम बंद किए जाने के कारण नहीं पहुंच पा रहा है।