गुरुवार दोपहर से सर्वे में लगी थी इनकम टैक्स की टीम

शुक्रवार शाम तक चली कार्रवाई

ALLAHABAD: इनकम टैक्स की टीम ने शहर की दो फर्मो का सर्वे कर छह करोड़ की अघोषित संपत्ति का खुलासा किया है। इन दोनों फर्मो में सर्वे की कार्रवाई गुरुवार दोपहर से शुरू हुई थी और शुक्रवार शाम को खत्म हुई। इस दौरान दोनों फर्म के कुल 13 प्रतिष्ठानों का लेखा जोखा खंगाला गया। अधिकारियों का कहना है कि सभी रिकार्ड जब्त कर लिए गए हैं और आगे भी इनको खंगाला जाएगा। टैक्स चोरी के बारे में भी पता लगाया जाएगा।

कार्रवाई में क्यों लग गए दो दिन?

इनकम टैक्स विभाग की कुल तेरह टीमों ने दो दिन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। एक फर्म का मार्बल, टाइल्स और हार्डवेयर का कारोबार है तो दूसरी फर्म से मुंडेरा स्थित हॉस्पिटल सहित दूसरे संस्थान संचालित हो रहे हैं। दोनों की सभी सहयोगी फर्मो में गुरुवार को अचानक इनकम टैक्स की टीम पहुंची तो हड़कंप मच गया। हॉस्पिटल में सर्वे के दौरान मरीजों के इलाज में काफी दिक्कतें पेश आई। गुरुवार शाम तक कार्रवाई पूरी नही होने पर शुक्रवार सुबह फिर से टीमें मौके पर डटी रही।

टैक्स चोरी का भी मामला बनेगा

बताया जा रहा है कि दोनों फर्मो के 13 प्रतिष्ठानों से छह करोड़ की अघोषित संपत्ति का पता लगाया गया है। अभी टैक्स चोरी पर भी मंथन किया जा रहा है। इनकम टैक्स के सूत्रों की माने तो कुछ अनियमितताएं मिली हैं जिनके बारे में पता लगाया जा रहा है। जरूरी कागजात भी जब्त कर लिए गए हैं। शुक्रवार को मुख्य आयकर आयुक्त राजीव जैन और प्रधान आयकर आयुक्त सुबचन राम के मार्गदर्शन में जब्त दस्तावेजों का मिलान करके टैक्स का निर्धारण किया गया। शाम को फर्म के मालिकों द्वारा उनका बयान भी दर्ज कराया गया।