-क्राइम ब्रांच मुंबई ने मंदिर में शादी को मान्यता देने से किया इंकार, युवती को साथ ले गई

-धूमनगंज के युवक ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई फिर भी नहीं सुनी पुलिस ने

ALLAHABAD: आठ साल से एक-दूसरे को जानते थे। इश्क करते थे। अग्नि के सात फेरे लेकर जीवनभर साथ रहना चाहते थे लेकिन लड़की के पिता को यह लव पसंद नहीं थी। उन्होंने रोकने की कोशिश की तो कपल मुंबई छोड़कर इलाहाबाद आ गया। मंदिर में शादी करके साथ रहने लगा लेकिन मुंबई क्राइम ब्रांच ने उन्हें खोज ही लिया। युगल बालिग होने शादी कर लेने की दुहाई और प्रमाण देता रहा पर पुलिस नहीं पसीजी और उन्हें अपने साथ मुंबई ले गई।

सपना पूरा करने पहुंचा था मुंबई

अनिल सिंह (परिवर्तित नाम) धूमनगंज में अपने मामा के यहां रहता है। एजुकेशन कम्प्लीट करने के बाद वह प्राइवेट जॉब करने लगा लेकिन यह उसका उसका सपना नहीं था। सपने को सच बनाने के लिए वह पहुंच गया मुंबई। किस्मत ने साथ दिया और उसे अच्छी जॉब मिल गई और वह मुम्बई में ही रहने लगा। इसी दौरान उसकी पड़ोस में रहने वाली लड़की से नजर मिली तो दोस्ती हुई और फिर प्यार। इसकी जानकारी लड़की के पिता को हुई तो उन्होंने अनिल की क्लास ली और बुरे अंजाम की चेतावनी भी।

सात दिन पहले आए थे

आठ साल से मुंबई में ही रहने के बाद भी अनिल अपनी गर्लफ्रेंड को वहां रखने का साहस नहीं बटोर पाया। प्रेमिका भी उसके साथ जीवन बिताना चाहती थी, सो दोनों ने मिलकर घर छोड़ने का प्लान बनाया और करीब सात दिन पहले इलाहाबाद आ गए। उधर, बेटी के अचानक गायब होने पर उसके पिता ने बेटी के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मुम्बई क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस की मदद से अनिल और उसकी प्रेमिका का डिटेल पता किया। ट्रेस कर लिया कि दोनो इलाहाबाद में हैं। थर्सडे को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम शहर पहुंची और सिविल लाइंस एरिया से प्रेमी युगल को दबोच लिया।

देते रहे शादी कर लेने की दुहाई

पकड़े जाने के बाद प्रेमी युगल हो सिविल लाइंस थाने लाया गया। यहीं दोनों से पूछताछ हुई। अनिल ने बताया कि इलाहाबाद आने के बाद वे मंदिर में शादी कर चुके हैं। दोनों बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं। उसने कहा कि युवती के पिता दबंग हैं और वह दोनों का मर्डर भी करवा सकते हैं। वह पुलिस से कहता रहा कि एक बार वे मुंबई पहुंच गए तो लौट नहीं सकेंगे। इसके बाद भी क्राइम ब्रांच कुछ सुनने को तैयार नहीं थी। साफ कह दिया कि ऐसे युवती को नहीं छोड़ सकती। युवती की बड़ी बहन भी क्राइम ब्रांच के साथ पहुंची थी। उसने कहा कि पहले उसे घर जाना होगा। मुम्बई क्राइम ब्रांच ने कहा कि युवती का कलमबंद बयान हो जाने के बाद ही वह छोड़ सकती है।