-नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
-कई चौराहों का बदला गया नाम, फ्लाई ओवर के नामों पर लगी मुहर
PRAYAGRAJ: बम्हरौली में बने नए एयरपोर्ट का नाम अब महामना मदन मोहन मालवीय होगा। इसी तरह इलाहाबाद हाईकोर्ट के नए फ्लाई ओवर का नाम अटल बिहारी बाजपेई सेतु और रामबाग के फ्लाई ओवर का नाम अमर शहीद भगत सिंह के नाम पर होगा। यह निर्णय शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया। इस दौरान कई अन्य गलियों, सड़कों आदि के नाम बदलने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इनका नाम भी बदला गया
साठ फीट रोड-शहीद कैप्टन विनीत सिंह रोड
सूबेदारगंज महिला ग्राम-बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की रमाबाई के नाम पर।
कूपर रोड -शिवादीन बारी रोड।
ट्रांसपोर्ट नगर पार्क-प्रयागराज पार्क
यह रहे अन्य निर्णय
बैठक में मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रतन दीक्षित समेत तमाम सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यकारिणी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जो इस प्रकार हैं-
1. नाइट शिफ्ट सफाई
पूर्व की भांति जल्द ही सिविल लाइंस, चौक और कटरा एरिया में रात में सफाई होगी। पहले यह होता था लेकिन फिर ब्रेक कर दिया गया। कार्यकारिणी ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है।
2. पुन:स्थापन
सड़क चौड़ीकरण के दौरान सड़कों से प्रकाश व्यवस्था में लगे खंभे और लाइटों को हटाए जाने के बाद नगर निगम ने इसे अपनी संपत्ति बताया था। निर्णय हुआ कि इस सामान को नगर निगम को वापस किया जाए या उन स्थानों पर पुन: स्थापना की जाए जहां अंधेरा छाया हुआ है।
3. विज्ञापन पर आपत्ति
मेला प्राधिकरण अपने एरिया के साथ निगम एरिया में भी विज्ञापन होर्डिग आदि का टेंडर कर रहा है जबकि यह न्याय संगत नहीं है। यह अधिकार केवल नगर निगम के पास होना चाहिए।
4. व्यवस्थित होगा वेंडिंग जोन
सड़क चौड़ीकरण के नाम पर उजाड़े गए फुटपाथ दुकानदारों को वेंडिंग जोन के आधार पर फिर से बसाया जाएगा। इसके लिए शनिवार को वेंडिंग जोन विषय पर बैठक में आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।
5. नगर निगम कराएगा काम
स्मार्ट सिटी के तहत काम कराने का अधिकार केवल नगर निगम को है और भविष्य में सभी कार्य इसी निर्णय के तहत होंगे।
6. पार्षद करेंगे सत्यापन
कुंभ के कार्यो को छोड़कर 14वें वित्त और अवस्थापना निधि आदि से बनने वाली सड़कों व गलियों में ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। इसका खामियाजा पार्षद को भुगतना पड़ेगा। ऐसे में इन योजनाओं के तहत होने वाले निर्माण कार्यो का सत्यापन खुद पार्षद करेंगे।
7. पास हो गया बजट
बैठक में नगर निगम और जलकल का 2018-19 का पुनरीक्षित बजट संशोधन के साथ पास कर दिया गया। अब इसे सदन में पेश किया जाएगा।
8. बंद होंगे अवैध प्लांट
शहर में रिबोरिंग कराकर संचालित हो रहे अवैध मिनरल वाटर प्लांट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम की कई दुकानों का किराया नहीं आ रहा है। इसको वसूलने की कार्रवाई निगम प्रशासन को पत्र लिखकर की जाएगी।