प्रयागराज (ब्‍यूरो)। बम के धमाके से बुधवार शाम इलाहाबाद यनिवर्सिटी का पीसीबी हास्टल दहल उठा। कमरे के अंदर हुए धमाके में छात्र प्रभात कुमार यादव का हाथ उड़ गया। बम इतना शक्तिशाली था कि उसका चेहरे के साथ सीना भी झुलस गया। बम की चपेट में आने से उसका साथी प्रत्युष सिंह भी जख्मी हो गया। घटना के बाद प्रत्युष मोबाइल बंदकर मौके से भाग निकला। बम के धमाके से दहशतजदा दूसरे छात्रों के द्वारा जानकारी हॉस्टल के अधीक्षक को दी गई। जानकारी मिलते ही फोर्स के साथ पहुंचे कर्नलगंज इंस्पेक्टर हॉस्टल पहुंचे। बगैर देर किए पुलिस गंभीर रूप से घायल छात्र को हॉस्पिटल भेजा गया। छानबीन में पुलिस को पता चला कि धमाका बम बांधते समय हुआ था। दोनों छात्र हास्टल के पास आउट हैं। दूसरे छात्र के नाम पर अलॉट रूम में वह अवैध रूप से रह रहे थे।

हॉस्टल के अधीक्षक ने दी तहरीर
हॉस्टल के जिस रूम में घटना हुई उसका नंबर 68 बताया गया। यह रूम बीए द्वितीय वर्ष के छात्र विशाल कुमार और बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र आयुष के नाम से अलॉट है। छानबीन में पुलिस को पता चला कि इन छात्रों के रूम में पास आउट छात्र गाजीपुर के प्रभात कुमार यादव पुत्र सुरेश यादव व प्रत्युष सिंह अवैध तरीके से रहते थे। शाम करीब पांच बजे इस कमरे में प्रभात और प्रत्युष मौजूद थे। अचानक रूम के अंदर बम का जोरदार धमाका हुआ। कम के धमाके से हास्टल में रहने वाले दूसरे छात्र दहशत में आ गए। खौफजदा अन्य छात्र भागकर मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर का मंजर देखकर सभी सन्नाटे में आ गए। किसी छात्र के द्वारा घटना की जानकारी छात्रावास के अधीक्षक एसके सिंह को दी गई। खबर पाते हुए अधीक्षक पुलिस को खबर दिए। तब तक कुछ दूसरे छात्र भी पुलिस को जानकारी दे चुके थे।

रूम पार्टनर भाग निकला
फोर्स के साथ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तो घायल प्रभात कमरे के अंदर तड़प रहा था। उसके हाथ का पंजा बम के धमाके से उड़ गया था। चेहरा और सीना भी झुलस गया था। उसे बगैर देर किए पुलिस के द्वारा इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया। छानबीन शुरू हुई तो पुलिस को पता चला कि घायल दूसरा छात्र प्रत्युष घटना के बाद मौके से भाग निकला। उसका मोबाइल भी बंद पाया गया। करीब घंटे भर की तफ्तीश में पुलिस को प्रथम दृष्टया जो बातें पता चलीं वह चौकाने वाली रहीं। पुलिस को शक है कि पास आउट गंभीर रूप से जख्मी छात्र खुद बंध बांध रहा होगा। बांधते समय हाथ में ही बम फट जाने के कारण वह इस तरह गंभीर रूप से घायल हुआ है। मामले में हॉस्टल के अधीक्षक द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है।

प्रथम दृष्टया यह जान पड़ता है कि हास्टल के कमरे में बम बनाते समय फटने से घटना हुई है। दोनों पास आउट छात्र यहां वैध छात्र के रूम में अवैध तरीके से रहते थे। गंभीर प्रभात को इलाज के लिए भेजा गया है। मोबाइल बंद करके भागे हुए उसके जख्मी साथी की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर कर्नलगंज

खबर मिलने पर जब हम पहुंचे तो वहां पास आउट छात्र प्रभात जख्मी हालत में मिला। उसका साथी प्रत्युष भी घायल बताया गया, पर वह मौके पर नहीं मिला। जिस रूम की घटना है वह दूसरे वैध छात्रों के नाम पर अलॉट है। तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
एसके सिंह अधीक्षक सर प्रमदा चरण बनर्जी छात्रावास