भाजपा पार्षदों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

ALLAHABAD: नगर निगम इलाहाबाद के वित्तीय अधिकार में कटौती करने और नियमावली अधिनियम में संशोधन न किए जाने से आक्रोशित भाजपा पार्षदों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। पार्षदों ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर निगम इलाहाबाद के वित्तीय कटौती को जारी करे या फिर नगर निगम को ही भंग कर दे। क्योंकि जब काम ही नहीं होगा तो फिर निगम का क्या मतलब है। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया।

पार्षद गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर निगम इलाहाबाद के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। एक तरफ इलाहाबाद स्मार्ट सिटी बनने की ओर अग्रसर है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय राशि बढ़ाने के बजाय घटा दी गई है। जिसकी वजह से नगर निगम में विकास कार्य ठप हो गए हैं। कहा कि नगर विकास मंत्री आजम खां ने सम्पत्ति का संशोधन अधिनियम 2013 में सुधार की बात कही थी। आश्वासन दिया था कि नियमावली में संशोधन होगा। लेकिन अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है। बढे़ हुए टैक्स के बोझ से पब्लिक को राहत नहीं मिली है। अगर सरकार राहत नहीं दे सकती है तो फिर नगर निगम को भंग कर खुद ही चलाए। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद गिरी शंकर प्रभाकर, किरन जायसवाल, चंद्रभूषण सिंह, संजय गुप्ता, पुष्पा कुशवाहा, डा। कमला सिंह, रणजीत सिंह, बब्बूराम, सुभाष वैश्य, राजेश पाठक, भरत निषाद, विद्या द्विवेदी आदि शामिल रहे।