प्रयागराज (ब्‍यूरो)। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में दूसरे दिन बुधवार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव प्रशासन, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, संयुक्त सचिव प्रेस, संयुक्त सचिव महिला और कोषाध्यक्ष पद के वोटों की गिनती जारी रही। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेश खरे और कोषाध्यक्ष पद पर रणविजय सिंह की बढ़त मजबूत हो चली है। संयुक्त सचिव (प्रशासन) को सुमित कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव (लाइब्रेरी) के लिए अभिजीत कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव (प्रेस) पर पुनीत कुमार शुक्ल आगे चल रहे हैं।

संयुक्त सचिव महिला पर आंचल आगे
संयुक्त सचिव (महिला) पद पर उलटफेर हुआ है। दूसरे स्थान पर पीछे चल रहीं आंचल ओझा आगे निकल गई हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी वीएम जैदी, चुनाव अधिकारी विनोद कांत श्रीवास्तव एवं आरसी सिंह ने बताया कि लाइब्रेरी हॉल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव (प्रशासन) और (लाइब्रेरी) के 3500 वोटों तथा कंदर्प नारायण मिश्र हॉल में संयुक्त सचिव (प्रेस) (महिला) और कोषाध्यक्ष पद के 3000 वोटों की मतगणना हो गई थी। चुनाव अधिकारी प्रभाकर अवस्थी, वशिष्ठ तिवारी एवं चंदन शर्मा ने बताया कि गुरुवार को ईद उल फितर के अवकाश पर मतगणना स्थगित रहेगी। शुक्रवार सुबह 10 बजे इन्हीं पदों की मतगणना आगे बढ़ेगी।