मृतका के पिता ने ससुरालियों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच पोस्टमार्टम हाउस में हुआ हंगामा

ALLAHABAD: पिंकी (30) बेकसूर थी। ससुराल वाले उसे लालची मिल गए। वह दहेज की मांग कर रहे थे। मायके वालों ने उनकी मुराद पूरी नहीं की। इस पर मिट्टी का तेज छिड़क कर उसे जला दिए। आग से जलने के कारण उसकी मौत हो गई। यह सारे आरोप पिंकी की मां और पिता ने ससुरालियों पर लगाए हैं। आरोप को लेकर पोस्टमार्टम हाउस में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ।

पिता ने दी तहरीर

खीरी थाना क्षेत्र के सलइयाखुर्द निवासी सुरेश भारतीया करीब नौ वर्ष पूर्व बेटी पिंकी की शादी सरायइनायत के रिठइया निवासी वीरेंद्र से की थी। सुरेश का आरोप है कि बेटी के ससुराल वाले एक लाख रुपए, सोने की चेन व बाइक की मांग कर रहे थे। उनकी यह मुराद वह पूरी नहीं कर सका। इस पर वह बेटी को ठिकाने लगा देने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि 16 सितंबर को मिट्टी का तेल छिड़ककर ससुरालियों ने पिंकी को जला दिया। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद सभी भाग गए। सूचना पर ससुरालीजन अस्पताल पहुंचे। पांच अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीएम हाउस पर दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। पुलिस और पब्लिक ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। पिंकी के पिता सुरेश ने दहेज हत्या की तहरीर पुलिस को दी है।