प्रयागराज (ब्‍यूरो)। जयप्रकाश ने फांसी लगा ली। जय प्रकाश की मौत हो गई। मगर जय प्रकाश की फांसी में कई पेंच निकल आए हैं। घरवाले अभी गमजदा हैं। ऐसे में पुलिस ने जांच तो शुरू कर दी है। मगर हालात बताते हैं कि जयप्रकाश की फांसी सामान्य घटना नहीं है। पुलिस को जयप्रकाश की लव स्टोरी और सुसाइड नोट के बारे में पता चला है। पुलिस का कहना है कि तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।

कपड़े का था कारोबार
शिवकुटी थाना क्षेत्र के मेंहदौरी कालोनी का रहने वाला जयप्रकाश अविवाहित था। वह कपड़े का कारोबार करता था। रोज की तरह वह मंगलवार रात में अपने घर लौटा। मगर सुबह उसके कमरे का दरवाजा खुला नहीं। सुबह मां प्रभावती ने कई बार दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। मां घबरा कर चिल्लाने लगी। तब परिवार के अन्य सदस्य आ गए। दरवाजा के ऊपर रोशनदान से देखा गया तो अंदर जयप्रकाश फांसी के फंदे पर झूल रहा था। परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर शिवकुटी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला।

लव स्टोरी और टेंशन
पुलिस को पता चला कि जयप्रकाश का एक लड़की से लव अफेयर था। रात में शायद उससे झगड़ा हो गया। जिससे कमरे के अंदर से जोर जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। वहीं, सुसाइड नोट ने पूरी कहानी बदल दी। सुसाइड नोट में लिखा है कि मैंने पैसा उधार लेकर बिजनेस किया। तीन लोग मुझे परेशान कर रहे हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट के बारे में सिर्फ इतनी ही जानकारी दी। मगर ये इन दोनों पेंच में कौन सा प्रमुख कारण जयप्रकाश की मौत का है। ये जांच का विषय बन चुका है।

युवक के फांसी लगाने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। साथ ही लवअफेयर की बात सामने आई है। दोनों बिंदुओं पर जांच चल रही है।
संजय गुप्ता, थाना प्रभारी शिवकुटी