प्रयागराज (ब्यूरो)। चुनाव का परिणाम भले ही अभी नही आया है लेकिन जीत हार को लेकर रोमांच पल पल बढ़ रहा है। प्रत्याशी निरंतर अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। इनके बीच वोटों का अंतर बढ़ रहा है। जानकारी के मुताबिक अंतिम परिणाम के लिए मंगलवार या बुधवार तक इंतजार करना पड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व महासचिव पद के लिए 4500 व संयुक्त सचिव प्रशासन, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी पद के लिए 5800 वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। संयुक्त सचिव के दोनों पदों की गिनती पूरी होते ही कंदर्प नारायण मिश्र कक्ष में उपाध्यक्ष के पांच पदों की वोटों की गिनती शुरू होगी।

किसको मिली कितनी बढ़त

- अध्यक्ष पद के लिए राधाकांत ओझा को 1850, अशोक कुमार सिंह को 1425 व आइके चतुर्वेदी को 674 वोट मिले हैं।

- वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए मनोज कुमार मिश्र को 1175, अमित कुमार को 1131 वोट, राजेश्वर सिंह को 995 वोट मिले हैं।

- महासचिव पद के लिएसत्यधीर सिंह जादौन को 1186, विक्रांत पांडेय को 940, अखिलेश शर्मा को 828 वोट मिले हैं। मतगणना में एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शशिप्रकाश सिंह, एनसी राजवंशी, टीपी सिंह, ओपी सिंह, अनिल तिवारी, वशिष्ट तिवारी, महेंद्र बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।

चुनावी मैदान में हैं 199 प्रत्याशी

हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के 28 अलग अलग पदों के लिए चुनाव में एक दिसंबर को कुल 9659 मतदाताओं में से 7549 वोटर्स ने वोट डाला था। मतगणना एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता शशि प्रकाश सिंह, सदस्य एनसी राजवंशी, टीपी सिंह, ओपी सिंह और अनिल तिवारी की देखरेख में चल रही है। चुनाव में 199 प्रत्याशी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं।