यूपी के राज्यपाल ने कहा विकृत मानसिकता के लोग ही कर रहे हैं वंदे मातरम का विरोध

प्रतापगढ़ शहर में कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद दिए मीडिया के सवालों का जवाब

pratapgarh@inext.co.in

PRATAPGARH ( 7 April): सूबे के राज्यपाल व संसदीय कार्यमंत्री के बीच तल्खी अभी चल रही है। गुरुवार को प्रतापगढ़ में भी राज्यपाल रामनाईक ने आजम खां के मसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उनके आए दिन विवादित बयानों पर उन्होंने कहा कि आजम खां संसदीय कार्य मंत्री हैं। लेकिन उन्हें संसदीय गरिमा का ध्यान नहीं है। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे। राष्ट्रगान व भारत जिंदाबाद के नारे पर भी उन्होंने अपना रुख स्पष्ट किया। कहा कि राष्ट्रभक्त राष्ट्रगान व भारतमाता की जय और वंदेमातरम बोलेंगे। इसमें किसी को ऐतजार नहीं होना चाहिए।

विस अध्यक्ष से मिलेंगे

यहां वह शहर के हादीहाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के बाद मीडिया की ओर से किए गए सवालों के जवाब में कहा कि उन्होंने सदन में बोले गए आजम खां के 60 वाक्यों की सीडी मंगाई थी। इसमें 30 वाक्यों को अमर्यादित मानते हुए विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने हटवा दिया। इस संबंध में वे 9 अप्रैल को विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और उनसे यह जानना चाहेंगे कि उन शब्दों को हटवाने के पीछे उनकी मंशा क्या थी।

विदेश में है मुख्यमंत्री

उन्होंने कहा कि इस समय मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर गए हैं। उनके लौटने के बाद आजम खां पर कार्रवाई के लिए भी वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे। भारत माता की जय, वंदेमातरम के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर सभी एकजुट है। जब संसद में वंदेमातरम, राष्ट्र गान होता है तो कुछ चंद लोग इसे बेवजह तूल दे रहे हैं। जिसके मन में देश भक्ति है, वे वंदे मातरम बोलेंगे। उन्होंने कहा कि वैसे तो 1950 में संविधान में वंदे मातरम, राष्ट्रगान को जगह दे दी गई है। लेकिन इसे 42 साल बाद 1992 में उनके द्वारा संसद में यह मामला उठाए जाने के बाद वंदे मातरम, जन गण मन गाया गया।