-युगवीणा में मंडप में जाने के रूम में तैयार बैठी थी दुल्हन

-दरवाजा तोड़कर निकाला गया, हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

BAREILLY: कैंट थाना अंतर्गत युगवीणा में शादी समारोह के दौरान दुल्हन पर किसी लड़की ने तेजाब फेंक दिया। दुल्हन मंडप में जाने से पहले कमरे में बैठी हुई थी। दरवाजा बंद होने के चलते उसे परिजनों ने किसी तरह से बाहर निकाला और रामपुर गार्डन स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया। हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कमरे में अकेली थी दुल्हन

बताया जा रहा है कि दुल्हन कैंट एरिया की रहने वाली है और उसके पिता आर्मी से हैं। बारात कैंट एरिया से आयी हुई थी। दुल्हन सजकर युगवीणा के रूम में बैठी हुई थी। बताया जा रहा है कि उस वक्त कोई कमरे में मौजूद नहीं था। इसी दौरान एक लड़की रूम में पहुंची और दुल्हन पर तेजाब फेंक दिया। लड़की ने बाहर से कमरा भी बंद कर दिया। दुल्हन ने शोर मचाया लेकिन किसी ने आवाज नहीं सुनी तो उसने मोबाइल से फोन पर परिजनों को बताया। जिसके बाद परिजन पहुंचे और दरवाजा खोलने के साथ शीशा तोड़कर उसे प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।

आंखों को ज्यादा पहुंचा ज्यादा नुकसान

दुल्हन तेजाब पड़ने से बुरी तरह जख्मी हो गई है। उसकी आंखों में ज्यादा चोट पहुंची है। इसके अलावा फेस व कंधे पर भी तेजाब की छींटे गिरी हैं। तेजाब फेंकने वाली लड़की कौन थी इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल सका है। परिजनों ने भी इस मामले में कुछ बताने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन पर तेजाब किसने फेंका इसके बारे में भी कोई कुछ बता नहीं रहा है।

शादी समारोह के दौरान लड़की के ऊपर तेजाब फेंक दिया गया है। लड़की को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

बृजेश कुमार, एसएचओ कैंट बरेली