- जारी प्रस्तावित सर्किल रेट पर 21 जुलाई तक मांगी गई हैं आपत्तियां

>BAREILLY:

एडीएम एफआर के पास पहुंची शहर के नए सर्किल रेट लागू करने की सूची में कई अहम बदलाव किए जाने की संभावना है। पुराने सर्किल रेट में दो नए संशोधन किए गए हैं। इसके अलावा निर्माण कार्यो में लगने वाले बजट और पेड़ों के उम्र के हिसाब से प्रस्तावित रेट तय किए हैं। प्रभारी डीएम एडीएम एफआर मनोज कुमार ने बताया कि नए सर्किल रेट 25 जुलाई तक फाइनल होने की उम्मीद है। लोगों से 14 से 21 जुलाई तक आपत्तियां मांगी गई हैं। 21 जुलाई के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

ये होंगे नए संशोधन

जारी प्रस्तावित सर्किल रेटों में दो नए संशोधन किए जाने प्रस्तावित हैं। इसमें पहला नदी के किनारे की जमीन के रेट अलग से तय किए जाएंगे। क्योंकि नदी के किनारे की जमीन सामान्य सर्किल रेट होने से उनकी बिक्री नहीं हो पाती थी। ऐसे में नदी के किनारे की जमीन एरिया के सर्किल रेट से कम किए जाने की संभावना है। इसके लिए संबंधित गाटा संख्या, प्लॉट को तहसील से चिन्हित कराकर अलग से रेट तय किए जाएंगे। दूसरा नगरीय क्षेत्रों में सर्किल रेट मुख्य मार्ग से जुड़े 1 हजार वर्ग मीटर के दायरे को घटाकर 5 सौ वर्ग मीटर तक किए जाने की संभावना है।

पेड़ों के प्रस्तावित रेट

संबंधित सर्किल एरिया के दायरे में अगर कोई फलदार अथवा बिना फलदार वृक्ष आएगा तो उसके रेट उनकी उम्र के अनुसार तय होगा। इसमें सागौन, शीशम, देवदार के वृक्षों की कीमत 10 वर्ष से कम होने पर 5 हजार और ज्यादा होने पर 25 हजार, आम, जामुन, कटहल, गूलर के 10 वर्ष से कम होने पर 3 हजार और ज्यादा होने पर 15 हजार, नीम, यूकेलिप्टस, पॉपुलर, पीपल, बरगद, पाकड़ के 10 वर्ष से कम पर 2 हजार और ज्यादा होने पर 8 हजार, बबूल व अन्य के 10 वर्ष से कम पर डेढ़ हजार और ज्यादा होने पर 5 हजार रुपए न्यूनतम मूल्य होगा। इसी के साथ ही, संबंधित सर्किल एरिया के निर्माण कार्य की भी प्रस्तावित लागत तय की गई है।