बरेली (ब्यूरो)। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में बरेली जिले की स्थिति बद से बदतर निकली। प्रदेश की रैंकिंग जारी हुई तो जिले की हकीकत सामने आ गई। प्रदेश में बरेली को संचारी रोग नियंत्रण अभियान में 63वां स्थान मिला है। 67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जबकि बागपत को पहला और आगरा को दूसरा स्थान मिला है। मंडल की बात की जाए तो बदायूं 52 और शाहजहांपुर 44वें स्थान पर हैं। पीलीभीत की रैंकिंग पूरे मंडल में सबसे अच्छी 35 है। पीलीभीत ग्रीन जोन में हैं।

पहली रैंकिंग 12 को हुई जारी
तीन अक्टूबर से जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया था। अभियान की रिपोर्ट शासन को ऑनलाइन पोर्टल पर लगातार भेजी जा रही थी, जिससेे वहां पर लगातार रैंकिग तैयार हो रही थी। इस अभियान की पहली रैंकिंग लिस्ट 12 अक्टूबर को जारी की गई। इसमें बरेली सभी 75 जिलों में से 58वें स्थान पर था।

डेंगू भी बेकाबू
इसके बाद 16 अक्टूबर को दूसरी रैंकिंग लिस्ट जारी की गई। इसमें बरेली को 72वां स्थान मिला था। अब तीन नवंबर को आखिरी रैंकिंग लिस्ट जारी की गई। इसमें बरेली पूरे अभियान के बाद भी 63वें स्थान पर है। बरेली पूरे अभियान के दौरान रेड जोन से बाहर नहीं निकल सका। अंतिम लिस्ट में पूरे प्रदेश में सबसे बुरी स्थिति में संभल है। संभल को प्रदेश में 75वां स्थान मिला है। तो बिजनौर को 74वां स्थान। इसी तरह से प्रदेश में सबसे अच्छी रैंक पहले नंबर पर बागपत और दूसरे नंबर पर आगरा है। इससे यह कहना गलत नहीं होगा कि बरेली में अभियान को अधिकारियों ने प्रमुखता से नहीं लिया। यही कारण हैं कि बरेली में डेंगू का विभाग काबू नहीं पा रहा है।

अन्य का भी हाल खराब
जिला अस्पताल की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग पहले भी जारी हुई तो कभी टॉप टेन में शामिल नहीं हो सका। यही कारण है कि शासन से मिलने वाला बजट भी उसी हिसाब से आंवटन किया जाता है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान भी बरेली बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाया और फिर पिछड़ गया।

डेंगू मरीज हुए 817, आठ नए मरीज मिले
डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी जिले में आठ नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में कुल मरीजों की संख्या 817 हो गई। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस बार डेंगू मरीजों की संख्या एक हजार के पार होने की संभावना हैं.स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में शनिवार को 465 लोगों की एनएस1 कार्ड जांच हुई थी। इसमें 61 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव मिली है। इसी के साथ 139 लोगों की एलाइजा जांच की गई। इसमें से आठ लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। 623 घरों का सर्वे किया गया। इसमें से 26 घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। तो वहीं 644 कंटेनर जांचे गए। इसमें से 31 कंटेनरों में लार्वा मिला है।