बरेली (ब्यूरो)। शहर में बच्चा चोर गैंग सक्रिय हो गया है। किला थाना क्षेत्र में सैटरडे मॉर्निंग एक युवक ने अपने साथी के साथ सुबह बच्चा चोरी करने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने जब युवक को गोद में बच्चा ले जाते हुए देखा तो दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उसके गोद से बच्चा छीनकर पहले तो उसे पीटा फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। पुलिस आरोपित के साथी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपित को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

घर के बाहर खेल रहा था बच्चा
किला थाना क्षेत्र के हुसैन बाग के रहने वाले शकरुद्दीन मांझा कारीगर हैं। उनका तीन वर्षीय बेटा सुभान सैटरडे सुबह घर के बारह खेल रहा था। इसी दौरान एक अजनबी युवक वहां पहुंचा और उसने बच्चे को जबरन गोद में उठा लिया। वह बच्चे को लेकर थोड़ी दूर चला और उसने वहां खड़े दूसरे युवक के हाथों में बच्चा दे दिया। इसके बाद वह युवक बच्चे को जैकेट में छिपा कर भागने लगा।

छत से महिला ने मचाया शोर
बच्चा चोरी कर ले जाते समय आरोपितों को पड़ोस की ही रहने वाली रजिया ने देख लिया। वह शोर मचाती हुई सुभान के घर पहुंची और बच्चे की मां नन्ही को घटना की जानकारी दी। सुबह-सुबह हुई इस घटना से सनसनी फैली गई। इसके बाद आसपास के लोग स्वालेनगर की ओर भागे। स्वालेनगर लाइन पार भीड़ ने आरोपित को दबोच लिया।

भीड़ से भिड़ा ओरोपित
स्वालेनगर रेलवे लाइन पार जैसे ही भीड़ ने आरोपित को रोका और उसके गोद से बच्चा छीनने का प्रयास किया तो वह भीड़ से भिड़ गया। एक साथ से बच्चे को बगल में दबाए आरोपित लोगों पर हमलावर भी हो गया। इसके बाद भी भीड़ ने उसे घेर कर बच्चे को उसके कब्जे से छुड़ा लिया। गुस्साई भीड़ ने उसे पीटकर पुलिस को सूचित किया।

महिला को बताया सरगना
पब्लिक की ओर से किला थाना पुलिस के हवाले किए गए बच्चा चोर से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसमें उसने अपना नाम आजम अंसारी, निवासी बाकरगंज बताया है। उसने पुलिस को बताया कि श्मशान भूमि के पास की रहने वाली आरती उर्फ आंचल से उसका कुछ दिन पहले संपर्क हुआ था। उसने बच्चा चोरी करके उसे देने पर हजारों रुपए देने की बात कही थी। महिला ने उसे और उसके साथी शकील उर्फ शक्को को एक-एक हजार रुपए एडवांस भी दिए थे।

केरल से लौटा था आजम
आमज ने बताया कि वह फर्नीचर का अच्छा कारीगर है। वह काफी समय से केरल में रहकर मजदूरी कर रहा था। करीब 15 दिन पहले ही वह वहां से लौटकर आया था। पैसे खत्म होने पर वह काफी परेशान था। कई लोगों से पैसे मांगने पर भी उसे नहीं मिले। इसके बाद ही शकील उसे महिला के पास ले गया, जहां पर बच्चा चोरी करने की प्लानिंग बनाई गई।

एक बच्चे के बीस हजार तय
आरोपित आजम अंसारी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि श्मशान भूमि के पास रहने वाली आरती उर्फ आंचल ने उसे और उसके साथी से बच्चा चौरी कर लाने को कहा। इसके बदले उसने बीस हजार रुपए देने की बात कही। इसके बाद से ही वह बच्चों की तलाश में जुट गए थे।

कई दिनों से कर रहे थे रेकी
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कई दिनों से सुभान की रेकी कर रहे थे, पर उन्हें मौका नहीं मिल रहा था। इस दिन भी वह सुबह नौ बजे से बच्चे की रेकी में जुटे थे। मौका पाते ही शकील ने सुभान को उठा लिया। लोगों को शक न हो, इसलिए शकील ने बच्चा उसे दे दिया। इसके बाद वह बच्चे को महिला के पास पहुंचाने के लिए ही जा रहा था।


बच्चा चोरी कर ले जाने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बच्चा बरामद कर उसे जेल भेज दिया है। उसके साथी को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही दूसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
हरेन्द्र सिंह, इंस्पेक्टर किला थाना