बरेली (ब्यूरो)। सर्दी के मौसम हरी सब्जियों की भी बहार आ जाती है। हरे पत्तों वाली यह सब्जियां कई बीमारियों से निजात दिलाने में भी फायदेमंद हैं। सीजन की सब्जियों में मेथी का साग अपने गुणों से सबसे ऊपर है। इसका साग हो या दूसरे पकवान, सभी लोगों को खूब भाते हैं। हार्ट की प्रॉब्लम हो या डायबिटीज की समस्या, इनमें भी यह साग काफी फायदेमंद है।

आयुर्वेद के अनुसार
आयुर्वेद के अनुसार मेथी औषधीय गुणों से भरपूर है। डॉक्टर दीप्ती के अनुसार मेथी का साग ब्लड में शुगर की मात्रा कम करने के साथ वजन घटाने में भी मदद करता है।
डॉक्टर महिलाओं को मेथी का साग खाने की सलाह देते हैं। उनके अनुसार यह साग महिलाओं के लिए बहुत ही लाभदायक होता है। उन्हें खासकर पीरियड के दौरान यह साग जरूर खाना चाहिए। इससे उस दौरान की कई परेशानियां कम हो जाती है।

डायबिटीज में फायदेमंद
रिसर्च के अनुसार जो लोग प्री डायबेटिक स्टेज में हैं, वे अगर मेथी का साग नियमित सेवन करें तो उनमें डायबिटीज होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। मेथी का साग आइडियल विंटर फूड है। डॉक्टर के अनुसार डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट में इस साग को शामिल करना ही चाहिए। इसके सेवन से इंसुलिन सेंसिटिविटी में भी सुधार होता है।

दिल के लिए फायदेमंद है
मेथी के पत्ते रक्त में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के साथ-साथ एथेरोस्क्लेरोसिस धमनी की दीवारों में फैट और कोलेस्ट्रॉल के निर्माण को भी रोकता है। इससे दिल की प्रॉब्लम एक हद तक कम हो सकती है।

पाचन के लिए लाभदायक
मेथी का साग लीवर के लिए भी फायदेमंद बताया गया है। यह साग हमारे पाचन तंत्र को मजबूत करता है। इसमें फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट की प्रचुरता होती है। कब्ज की समस्या से निजात दिलाने में यह साग मददगार होता है।

मेथी का साग सिर्फ सर्दी में ही खाने को मिलता है। इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते है। इसलिए इसके खाने के कई फायदे ही फायदे हैं। लोग इसकी भाजी भी बनाते हैं, जो खाने मेंं भी अच्छी लगती है।
सरोज, हाउसवाइफ

जब सर्दी स्टार्ट होती है तो मेथी का साग खाने का मन करने लगता है। घर में इसका साग हो या दूसरे पकवान, सभी अच्छे ही लगते हैं। लोग इस साग को बड़े चाव से खाते है।
ज्योति, हाउसवाइफ


बात की जाए मेथी के साग की तो यह सभी को भाता है। कई लोग इसका पराठा बहुत पसंद करते हैं तो बहुत सी महिलाओं को इसकी भाजी अच्छी लगती है। शुगर पेशेंट्स के लिए तो यह फायदेमंद है ही।
अमिता, टीचर


हरी मेथी में फााइबर और एंटीऑक्सीडेट अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। इसके सेवन से पाचन तंत्र की समस्या के साथ जोड़ों के दर्द, मधुमेह तथा हार्ट सबंधी परेशानी में फायदा पहुंचता है। मेथी कोलेस्ट्राल कम करने में सहायक है।
पूजा गुप्ता, न्यूट्रीशनिस्ट