बरेली (ब्यूरो)। सर्दियों के मौसम में यूं तो बहुत ढेर सारी सब्जियां मार्केट में उपलब्ध रहती हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ सेहत के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती हैं। लेकिन इन सब्जियों के बीच फूल गोभी की बात सब से अलग है। इसमें विटामिन-सी, प्रोटीन, पोटैशियम, मैगनीज, फाइबर पाए जाते हैं। फूल गोभी से कई रेसिपीज बनाई जाती हैं। लोग गोभी के पराठे, पकोड़े, सब्जी आदि खाना खूब पसंद करते हैं। इसके सेवन से शरीर को कई लाभ मिलते हैं। आइए जानते हैं, फूल गोभी से स्वास्थ्य के लिए क्या लाभ होते हैं। न्यूट्रिशियन कहते हैं कि सीजन की सब्जी सबको खानी चाहिए।

कहां से आई गोभी
फूलगोभी एक लोकप्रिय शाक है। इसकी उत्पत्ति स्थान साइप्रस व इटली के भूमध्यसागरीय क्षेत्र से हुई है। भारत में इसका आगमन मध्य काल में हुआ माना जाता है। भारत में लगभग 3000 हेक्टेअर भूमि में लगभग 6,85,000 टन गोभी का उत्पादन होता है। उत्तर प्रदेश तथा अन्य शीतल स्थानों में इसका उत्पादन व्यापक रूप से किया जाता है। वर्तमान में इसे सभी स्थानों पर उगाया जाने लगा है।

पाए जाते हैं पोषक तत्व
फूलगोभी, जिसे हम शाक के रूप में उपयोग करते हैं के पुष्प छोटे तथा घने हो जाते हैं, जो बाद में ठोस रूप में परिवर्तित हो जाते हैं। पौध रोपण के तीन से साढ़े तीन माह में शाक योग्य फूल खिल जाते हैं। इसकी उपज की अवधि 60 से 120 दिन की होती है। प्रति हेक्टेयर 100 से 250 क्विंटल फूल प्राप्त हो जाते हैं। वैसे तो हर मौसम में गोभी बाजार में आती रहती है। कभी भी इसकी सब्जी खरीदी जा सकती है, लेकिन नेचुरल गोभी तो सर्दी के महीने में ही आती है।

फूल गोभी के प्रकार
सफेद फूल गोभी, नारंगी फूल गोभी, बैंगनी फूल गोभी, बंद गोभी के साथ ब्रोकली और गांठ गोभी।

ये हैं रेट
15 रुपए प्रति किलोग्राम फूल गोभी
10 रुपए प्रति किलोग्राम बंद गोभी
250 रुपए प्रति किलोग्राम ब्रोकली

गोभी के औषधीय उपयोग
हदय को स्वस्थ रखने में कारगर
कैंसर से बचाने में सहायक
हड्यिों को मजबूत करता
वजन कम करने में सहायक
ब्रेन फंक्शन को बूस्ट करता है।

यह है नुकसान
आयुर्वेद के अनुसार गोभी की शीतल और द्रव प्रकृति पाचन में बाधा उत्पन्न कर सकती है। इससे शरीर में भी कफ और पित्त हो जाता है। कब्ज वाले रोगी के लिए भी फूलगोभी कम खानी चाहिए।

फूल गोभी खाने के फायदे
पाचन तंत्र के लिए
फूल गोभी में फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। जो पाचन शक्ति को मजबूत बनाता है। यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करता है। गोभी में मौजूद ग्लूकोराफेनिन पेट संबंधी बीमारियों को दूर करने में सहायक है।

हार्ट के लिए
फूल गोभी हार्ट के लिए भी काफी लाभदायक मानी जाती है। इसमें मौजूद ग्लूकोराफेनीन हार्ट संबंधी बीमारियों को कम करने में मदद करता है। दिल की सेहत के लिए आप फूल गोभी का सेवन कर सकते हैं।

हड्डियों के लिए फायदेमंद
फूल गोभी में विटामिन-के भी मौजूद होता है, जो हड्डियों को स्वस्थ रखने में सहायक है। इसके नियमित सेवन से जोड़ों के दर्द से आराम मिल सकता है।

कोलेस्ट्रॉल के लिए
फूल गोभी में एंटी ऑक्सीडेंट और एंटी इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बनाए रखने में मदद करते हैं। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर बैड कोलेस्टॉल को कम करने में मदद करते हैं।

वेट लॉस में प्रभावी
फूल गोभी में कैलोरी की मात्रा कम होती है। यह वजन कम करने में मददगार है। अगर मोटापा कम करना चाहते हैं, तो डाइट में फूल गोभी शामिल कर सकते हैं।

प्रेग्रनेंसी में लाभदायक
प्रेग्रनेंसी में गोभी का सेवन काफी फायदेमंद है। इसमें मौजूद फोलेट गर्भ में पल रहे शिशु के विकास में सहायक है। गर्भवती महिलाओं की डाइट में फूल गोभी शामिल कर सकते हैं।

हमें बहुत भाये है फूलगोभी
गोभी की सब्जी सर्दी के महीने में अधिक स्वादिष्ट लगती है। इसका शाक भी खाना पसंद है और रसेदार भी अच्छी लगती है, क्योकि सर्दी में नेचुरल गोभी मिलती है। हांलाकि कुछ लोग इसे नहीं भी खाते है, पर मुझे यह बहुत पसंद है।
संजीव

फूल गोभी की सब्जी तो मुझे बहुत ही पसंद है, लेकिन यह सर्दी में ही अच्छी लगती है। वैसे तो यह बारह माह बिकती है, लेकिन इस मौसम में अलग ही स्वाद आता है। साथ ही इसमें कई पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो हमारी बॉडी के लिए हितकारी होते हैं।
रोहित

कोई न कोई एक सब्जी सबकी फेवरेट होती है। मुझे तो फूल गोभी का शाक बनाना भी अच्छा लगता है और खाना भी पसंद है। सुना है कि इसमें कई विटामिन्स पाए जाते है। अधिकतर लोगों की पसंदीदा सब्जी फूल गोभी होती है।
राशि

फूलगोभी एक हेल्दी फूड है। इसमें विटामिन सी, विटामिन बी 6, विटामिन के फॉलेट, पोटेशियम, मैग्नीशियम, फास्फोरस, मैग्नीज, फाइबर भरपूर मात्रा में पाये जाते हंै, जबकि कैलोरी और फैट की मात्रा काफी कम होती है इसलिए यह मधुमेह और वजन कम करने में सहायक है।
पूजा गुप्ता, न्यूट्रिशनिस्ट