- भोजीपुरा, भुता, बहेड़ी, शेरगढ़ और क्यारा ब्लॉक की प्रधानों को मिलेगा सम्मान

- विकास कार्यो में बेहतर परफार्म करने पर सीएम करेंगे सम्मान, मिलेंगे दो लाख

BAREILLY: बरेली की महिला प्रधानों के सराहनीय कार्यो का सम्मान खुद मुख्यमंत्री करेंगे। विकास के पथ पर गांव को अग्रसर करने वाली महिला प्रधानों को प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से नवाजने का निर्णय लिया है। मामले पर डीपीआरओ के पास पहुंचे पत्र में पुरस्कार इसी माह दिए जाने को कहा है। हांलाकि अभी तिथि निश्चित नहीं है। सभी महिला प्रधानों को शासन ने पुरस्कार के लिए न्योता भेजा गया है।

मिले सर्वोच्च अंक

जिले में 9 विधानसभा, 15 ब्लॉक, 7 तहसीलें और 1193 गांव हैं। इसमें 455 महिला ग्राम प्रधानों को जनता ने मुखिया का दर्जा तो सरकार ने हर गांव को विकास का बजट दिया है। लेकिन उस रकम का सदुपयोग कर गांव चमकाने वाली महिला प्रधान गिनती की हैं। बरेली की नौ महिला प्रधान प्रदेश में विकास के लिए नजीर बनी हैं। उनके गांव में हुए विकास कार्यो को सर्वोच्च अंक मिले हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार के लिए चयनित किया है।

बरेली का बढ़ा मान

बरेली जिले में 15 ब्लाक हैं। पांच ब्लाकों के नौ ग्राम पंचायतों की महिलाओं ने बरेली में हो रहे विकास का डंका सीएम तक पहुंचा। बाकी दस ब्लॉकों के गांवों में रकम का न तो पूरी तरह सदुपयोग हुआ और न ही बेहतर काम। यही वजह रही कि ब्लॉकों में से एक भी महिला प्रधानों का काम नजीर नहीं बना। राज्य स्तरीय टीम ने ऑनलाइन विकास कार्य के आधार पर गांवों को अंक दिए, सर्वे किया और फिर चयन हुआ। लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से चयनित ग्राम प्रधानों को दो लाख का पुरस्कार मिलेगा।

विकास जो बने नजीर

- प्रवेशद्वार पर सीसी रोड

- तालाब सौंदर्यीकरण

- महिलाओं को सबल बनाना

- नाली-खड़ंजे का निर्माण

- बच्चों की शिक्षा का बढ़ता ग्राफ

- योजनाओं का बेहतर संचालन।

- मनरेगा कार्यो में रोजगार दिलाना।

- खुली बैठक में प्रस्ताव पास करना।

महिला प्रधानों की सूची

ब्लॉक ग्राम पंचायत प्रधान

भुता ककराकला माया देवी

भुता कौन डंडा ऊषा देवी

भोजीपुरा दलपतपुर सरिता देवी

भोजीपुरा ईशापुर शकीला बानो

शेरगढ़ टिगरी शाहीना

बहेड़ी आदलपुर भानवती

बहेड़ी चकनरकुंडा रूबी

बहेड़ी सिसई पुष्पादेवी

क्यारा बुखारा मोमीना

प्रदेश सरकार ने विकास कार्यो का सर्वे किया फिर 9 महिला प्रधानों का चयन पुरस्कार के लिए किया। सर्वाधिक विकास कार्य कराने वाले महिला प्रधान सम्मानित होंगी।

टीसी पांडेय, डीपीआरओ