भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर ने कहा दुनिया में सबसे ज्यादा क्राइम यूपी में

प्रदेश के जिला पंचायत चुनाव में उतरी पार्टी, सभी वार्डो में खड़े होंगे भाजपा उम्मीदवार

BAREILLY:

प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था और अपराध पर नकेल न कस पाने की नाकामी अखिलेश सरकार नाकाम है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर ने संडे को बरेली में आर्गनाइज पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा क्राइम यूपी में हो रहा। ऐसा कोई दिन नहीं होता जब सूबे के थानों में कोई मुकदमा दर्ज न हो। नेता जी (मुलायम सिंह यादवव) और अखिलेश यादव की कोशिशों के बावजूद प्रदेश में क्राइम कंट्रोल नहीं हो रहा। प्रदेश में एक नहीं बल्कि पांच सीएम हैं। सभी अपने तरीके से सरकार चला रहे हैं। इसीलिए सूबे में लॉ एंड ऑर्डर सबसे बदहाल है।

बिहार-यूपी में मिलेगा बहुमत

सूबे में कानून व्यवस्था की बदहाली पर भाजपा उपाध्यक्ष के हमले यहीं पर नहीं रूके। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी या आम आदमी हो सब बेहाल और असुरक्षित हैं। भाजपा उपाध्यक्ष के तेवर से साफ हो गया कि 2017 विधानसभा चुनाव में सपा के खिलाफ भाजपा ने कानून और क्राइम के तीर अपने तरकश में जुटा लिए है। वहीं बिहार विस चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन के सवाल पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी पूरे बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी। बिहार चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलना तय है। बिहार के रिजल्ट से यूपी विस चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर करने और विरोधी सपा, बसपा और कांग्रेस का सफाया करने में मदद मिलेगी।

जिपं चुनाव लड़ेगी पार्टी

लंबे अर्से से यूपी में सिर्फ शहरों की पार्टी बनकर रह गई भाजपा अपने माथे पर लगे इस ठप्पे को आगामी जिला पंचायत चुनाव में मिटाने जा रही है। पहली बार सूबे के जिला पंचायत चुनाव में भाजपा सक्रिय चुनाव लड़ेगी। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच पर ऐलान किया कि पार्टी आगामी जिला पंचायत चुनाव में प्रदेश के सभी वार्डो में अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं बिहार विस चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी पर लग रहे आरोपों को भाजपा उपाध्यक्ष ने नकारा। आरा से भाजपा सांसद आरके सिंह ने पार्टी पर पैसे लेकर गुंडों को टिकट देने के आरोप लगाए हैं। इस पर भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि टिकट बंटवारे को लेकर इस तरह के चर्चे हर पार्टी में होते हैं। सांसद से मिलकर इस समस्या का हल निकाला जाएगा।