- मनोरंजन, सूचना का बड़ा केंद्र बनेगा स्मार्ट सिटी बरेली का अर्बन हॉट

- बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में आज पास होगा प्रस्ताव, फिर होंगे टेंडर

- कुतुबखाना ओवरब्रिज और तांगा स्टैंड पर मल्टीलेवल पार्किंग पर भी चर्चा

बरेली: शहर के अर्बन हाट में जल्द ही देश-विदेश के सैलानियों को अर्बन हॉट में बरेली का झुमका देखने को मिलेगा। शहर का अर्बन हॉट मंडल का पहला ऐसा केंद्र होगा जहां खरीदारी के साथ ही मनोरंजन, सूचना के भी साधन उपलब्ध होंगे। सैलानी हस्तशिल्प उत्पाद, फर्नीचर, सुरमा, जरी-जरदोजी आदि सामान खरीद सकेंगे। फ्राइडे को होने वाली स्मार्ट सिटी की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।

ऑनलाइन होंगे टेंडर

बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक फ्राइडे दोपहर करीब तीन बजे कमिश्नरी सभागार में होनी है। इसमें शहर के विकास के तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाने हैं। इसमें प्रमुख अर्बन हॉट को विकसित करने का प्रस्ताव है। विकास भवन के पास स्थित अर्बन हॉट क्षेत्र के विकास और वहां व्यावसायिक क्षेत्र को भी विकसित करना है। इसके लिए कंपनी ने 108 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें बेसमेंट में विशाल पार्किंग के साथ ही हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए शोकेस, लोगों की जरूरत की सामान के लिए दुकानें, फर्नीचर, सुरमा, जरी-जरदोजी का सामान लोगों को आसानी से मिलेगा। दिल्ली हॉट की तर्ज पर यहां लोगों की जरूरत का सारा सामान होगा। मनोरंजन और तमाम सूचनाओं के आदान-प्रदान का केंद्र भी अर्बन हॉट को बनाया जाएगा। नए साल तक इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है।

तांगा स्टैंड पार्किंग पर भी होगी चर्चा

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में कुतुबखाना ओवरब्रिज और रेलवे जंक्शन के पास तांगा स्टैंड पार्किंग पर भी चर्चा होगी। स्मार्ट सिटी योजना के तहत कुतुबखाना पर वाई शेप पुल के निर्माण के लिए करीब 99 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए हैं। यह पुल कोहाड़ापीर से उठेगा और कुतुबखाना चौराहे से एक ¨वग जिला पंचायत भवन के पास और दूसरा कोतवाली के पास उतरेगा। बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। बैठक में मंजूरी मिलने के बाद इसका विस्तृत सर्वे सेतु निगम कर एस्टीमेट तैयार करेगा। तांगा स्टैंड पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने के प्रस्ताव पर बोर्ड से अनुमोदन लिया जाएगा। उसके बाद उसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयारी की जाएगी।

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में शहर के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाने हैं। प्रस्तावों पर स्वीकृति की मुहर लगने के बाद आगे के काम कराए जाएंगे। इन कामों से शहर का विकास होगा और यहां के लोगों का भी लाभ होगा।

अभिषेक आनंद, सीईओ, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी