-दुनका इंटर कॉलेज की छात्राओं को परेशान करते हैं मनचले

-मनचलों के डर से बेटियों ने छोड़ा था कॉलेज

BAREILLY

शोहदों के डर से धनेली गांव की बेटियां अब पढ़ाई नहीं छोड़ेंगी। बल्कि वह मनचलों को छेड़खानी का मुंह तोड़ जवाब देंगी। ताकि वह दोबारा ओछी हरकत करने से पहले दस बार सोचें। अमेरिका से आए कराटे एक्सपर्ट पिता-बेटी ने फ्राइडे को बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया और कराटे की बारीकियों को बताया। साथ ही छात्राओं से कहा कि छेड़खानी के खिलाफ आवाज उठाएं, न कि अपनी पढ़ाई छाेड़ दें।

कसते थे फब्तियां

धनेली गांव की बेटियां शिक्षित होने के लिए दुनका इंटर कॉलेज जाती हैं। रास्ते में मनचले उन पर फब्तियां कसते थे। साथ ही छेड़खानी किया करते थे। बेशर्मी का आलम यह था कि विरोध करने पर शोहदे मारपीट पर आमादा हो जाते थे। मनचलों की इन हरकतों से परेशान होकर छात्राओं ने कॉलेज छोड़ दिया। जिसके बाद धनेली गांव सुर्खियों में आया। सामाजिक संगठनों ने इसके विरोध में आवाज उठाई। वहीं, अमेरिका से आए पवन नागपाल और उनकी बेटी पूजा नागपाल ने बेटियों को सक्षम बनाने का बीड़ा उठाया। ताकि बेटियां छेड़खानी के विरोध में आवाज बुलंद कर सकें। उन्होंने बेटियों को बताया कि कराटे के माध्यम से वह अपनी आत्मरक्षा कर सकती हैं। साथ ही मनचलों के हौसले तोड़ सकती हैं, ताकि वह बेटियों की तरफ बुरी नजर नहीं उठाएं। वहीं, बीते दिनों डीएम गौरव दयाल और एसएसपी आरके भारद्वाज ने दुनका गांव का निरीक्षण किया था। उन्होंने दुनका-धनेली, धनेली रोड, धनेटा-शीशगढ़ रोड, दुनका-बिहारीपुर रोड पर चेकिंग अभियान चलाकर करीब आधा दर्जन मनचलों को दबोचा था।