बुटीक में करती है काम

रुचि (चेंज्ड नेम) फरीदपुर की रहने वाली है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। वह डीडीपुरम स्थित एक बुटीक में सिलाई का काम करती है। अपनी बड़ी बहन रश्मि (परिवर्तित नाम) के साथ बारादरी में रहती है। रश्मि के पति की मौत हो चुकी है। रश्मि रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में वार्ड आया का काम करती है। उसका बड़ा भाई भुता ब्लॉक में काम करता है। परिवार के अन्य सदस्य उससे अलग रहते हैं।

दो महीने पहले शुरू हुई बात

रुचि ने बताया कि दो महीने पहले एक अननोन पर्सन उसके मोबाइल पर बार-बार कॉल करके परेशान करने लगा। रुचि ने कई बार उसे डांटा पर वह नहीं माना। उसने किसी तरह रुचि का एड्रेस पता करके उससे मुलाकात की और अपना नाम सनी चौहान बताया। सनी ने उसे प्रपोज किया और शादी तक की बात कह दी। इस पर रुचि को भरोसा हो गया।

कुछ नशीली चीज खिलाई

रुचि का कहना है कि थर्सडे शाम करीब 4 बजे जब वह बुटीक जा रही थी, तो रास्ते में उसे सनी मिला। उसने शादी करने की बात कही और संजय नगर में अपने रूम पर ले गया। उसे कुछ नशीली चीज खिलाकर उसके साथ रेप किया। फ्राइडे सुबह पांच बजे उसे बेहोशी की हालत में संजयनगर श्मशान भूमि के पास छोड़ दिया। किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिसवालों ने भी उसके साथ मिसबिहेव किया और उसे ऑटो में बैठाकर सनी के कमरे पर ही छोड़ दिया। वहां सनी के मकान मालिक मटरू व उसकी पत्नी ने उसे पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। फिर किसी ने एंबुलेंस बुलाकर उसे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया.  होश आने पर रुचि ने पूरी घटना बताई। इसकी जानकारी बारादरी पुलिस को दी गई। इसके बाद एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ थर्ड और एसओ बारादरी हॉस्पिटल पहुंच गए। महिला थाना एसओ देर से पहुंची। इस पर एसएसपी ने उन्हें सस्पेंशन तक की चेतावनी दे डाली।

मिला दवाई का कटा रेपर

रुचि का कहना है कि वह सनी से शादी करना चाहती है। नहीं तो जिंदा नहीं रहेगी। पुलिस ने सनी के कमरे में छानबीन की तो एक दवाई का कटा हुआ रेपर मिला है। कुछ पड़ोसियों से भी पूछताछ जारी है। रुचि अपने दो भाइयों के मोबाइल नंबर दिए लेकिन उन्होंने उससे संबंध ना रखने की बात कही है।

फोटो से आरोपी की पहचान

रुचि ने पहले पुलिस को बताया कि सनी स्वर्ण टावर होटल में काम करता है। पुलिस स्वर्ण टावर गई और सनी के बारे में पूछताछ की। पता चला कि सनी सन सिटी विस्तार में रहता है। उसके पिता आरके रमेश सांगा फौज से रिटायर्ड हैं। वह स्टेडियम रोड स्थित कृष्णाज रेस्टोरेंट में वेटर हैं। दो घंटे बाद पुलिस ने सनी के होटल से उसका फोटो निकलवाया। रुचि ने उसे पहचान लिया है।

'सनी की तलाश की जा रही है। वह बहुत जल्द पुलिस के हाथ लग जाएगा। लड़की सुबह सात बजे श्मशान भूमि के पास बेहोश मिली। लड़की के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.'

- त्रिवेणी सिंह, एसपी सिटी बरेली

'लड़की ने सनी नाम के लड़के पर रेप का आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज कर लड़की का मेडिकल टेस्ट कराया गया। लापरवाही बरतने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है.'

- आकाश कुलहरि, एसएसपी बरेली