-महिला ने पति पर जबरन देह व्यापार करने का दबाव बनाने का लगाया आरोप

-पति ने सिर, हाथ व पैरों पर गड़ासे किया वार, अंगुलियां भी कटीं, हॉस्पिटल में एडमिट

BAREILLY: मीरगंज के कसूरपुर में पति परमेश्वर हैवान बन गया। देह व्यापार न करने पर पति ने महिला पर गड़ासे से ताबड़तोड़ वार किए। इसमें उसके बहनोई और भाई ने भी साथ दिया। गड़ासे से हमले में महिला के हाथों और पैरों की अंगुलियां भी कट गई। उसके सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। महिला को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली की रहने वाली है महिला

मूलरूप से दिल्ली की रहने वाली महिला से कसूरपुर निवासी युवक ने शादी की थी। वह 6 साल पहले उसे बरेली ले आया था। महिला ने आरोप लगाया कि पति दो साल से उसपर जबरन देह व्यापार करने का दबाव बना रहा है। परेशान होकर वह दिल्ली वापस चली गई थी। मंडे को वह पति के बुलाने पर मीरगंज आई थी और यहां पर पड़ोसी के घर रुकी हुई थी। ट्यूजडे सुबह पति उसे बुलाने पहुंचा तो वह घर जाने लगी। इस दौरान पति बोला कि वह उसके बहनोई की भी पत्‍‌नी बनकर रहे और धंधा करे। जब उसने विरोध किया तो पति ने गुस्से में आकर उस पर गड़ासे से वार करना शुरू कर दिया। वह खुद को बचाने के लिए चीखने लगी लेकिन जानवर बने पति के डर से उसे कोई बचाने नहीं आया। जिसके बाद पति उसपर ताबड़तोड़ वार करता रहा। पति ने उसके सिर, दोनों हाथों, पेट व पैरों पर वार किए। हमले में उसकी अंगुलियां भी कट गई। अधमरा समझकर सभी आरोपी फरार हो गए तो किसी ने उसे मीरगंज पीएचसी में एडमिट करा दिया।

तो क्या खरीदकर लाया था पति

सूचना पर मीरगंज पुलिस पीएचसी पहुंची, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में एडमिट कराया। यहां पर महिला ने बयान दिया कि पति उससे जबरन धंधा कराना चाहता है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस की जांच के मुताबिक महिला को पति खरीदकर लाया था। इस दौरान महिला के किसी और शख्स से संबंध हो गए तो पति ने इसका विरोध किया। जिसके बाद महिला प्रेमी के साथ चली गई। वह दिल्ली में रह रही थी लेकिन पति ने उसे एक बार फिर से बुलाया और उस पर जानलेवा हमला किया। जबरन धंधे में धकेलने के बारे में महिला के होश आने पर बयान लिया जाएगा। चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई महिला के बयान के आधार पर की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

महिला पर पति ने गड़ासे से वार किए हैं। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

आदित्य प्रकाश वर्मा, सीओ मीरगंज