-डीएम से मिले दोनों पक्ष, सुलह की ओर जा रहा मामला

BAREILLY: मॉडल टाउन गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव को लेकर चल रहे विवाद में वेडनसडे को दूसरे पक्ष के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं दूसरी ओर मामला सुलह की ओर जा रहा है। वेडनसडे को दोनों पक्ष डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से मिले और अपनी बात रखी। जिसके बाद दूसरा पक्ष भी 25 लोगों की लिस्ट देने को तैयार हो गया है। दूसरा पक्ष थर्सडे को एडीएम सिटी को अपनी लिस्ट सौंप देगा। अब दोनों पक्षों की लिस्ट से 5-5 लोगों को चुनकर 10 लोगों की कमेटी बनाई जाएगी। यही कमेटी मेंबर बनाएगी और फिर चुनाव कराया जाएगा। एक पक्ष ने एडीएम सिटी को पहले ही लिस्ट सौंप दी थी।

11 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर

बता दें कि मॉडल टाउन गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव को लेकर विवाद चल रहा है। प्रशासन लगातार मीटिंग कर रहा था, लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा था। इसी को लेकर एक पक्ष ने छेड़छाड़, मारपीट व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी। अब दूसरे पक्ष से राजेंद्र कुमार ने हरप्रीत सिंह, मनमीत सिंह, तेजपाल सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ बवाल, मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और लूट का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। अब जिस पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, वर्तमान में यही पक्ष कमेटी पर काबिज है। इसी पक्ष ने ही एडीएम सिटी को 25 लोगों की लिस्ट नहीं सौंपी थी।

मामला सुलह की ओर जा रहा है। दूसरा पक्ष भी 25 लोगों की लिस्ट देने को तैयार हो गया है। दोनों पक्षों की लिस्ट से 10 लोगों के नाम चुनकर चुनाव कराया जाएगा।

वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम बरेली