अकीदत के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व

अल्लाह की राह में दी कुर्बानी, गले लगकर एक दूसरे को दी मुबारकबाद

BAREILLY: कुर्बानी का पर्व ईद-उल अजहा (बकरीद) का पर्व फ्राइडे को अकीदत के साथ मनाया गया। लोगों ने फज्र (सुबह) की नमाज के बाद अल्लाह की राह में बकरा या दूसरे हलाल जानवरों की कुर्बानी दी। इसके बाद ईदगाह समेत तमाम मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। वहीं बच्चों ने ईदगाह और मस्जिदों के बाहर सजी दुकान से जमकर खिलौनों की खरीदारी की। तकरीबन सभी मस्जिदों में मक्का में हज के दौरान मारे गए लोगों को खिराज-ए-अकीदत पेश की गई। शहर के अलावा रूरल एरिया में भी बकरीद की नमाज अदा की गई।

कुर्बानी के बाद अदा की नमाज

ईद-उल-अजहा के दिन शहर का माहौल सुबह से ही रौनकी रहा। फज्र की नमाज अदा करने के बाद हर कोई जानवरों की कुर्बानी देने और नमाज अदा करने की तैयारी में मसरूफ रहा। सुन्नी समुदाय के लोगों ने बकरीद की नमाज अदा करने के बाद घरों में कुर्बानी की रस्म अदायगी की। वहीं शिया समुदाय के लोगों ने पहले कुर्बानी दी और इसके बाद बकरीद की नमाज अदा की। लोगों ने नए कपड़े पहने और इत्र लगाया। नमाज के बाद गले लगाकर एक दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी।

नमाज में हुई अमन-चैन की दुआ

शहर के सुन्नी समुदाय के लोगों ने दुलिया ईदगाह बाकरगंज, वाली मस्जिद जखीरा, हाफिज इस्लाम खां चक महमूद, छोटी मस्जिद मलुकपुर, नूरी मस्जिद, दरगाह वली मियां, बाजार संदल खां, पीर शाह जसोली, इमली वाली मस्जिद जखीरा, छह मीनारा कांकड़ टोला, नूरी मस्जिद कुतुबखाना, जामा मस्जिद आजमनगर, शाही जामा मस्जिद किला, खान-काहे-नियाजिया, आईवीआरआई कैंपस, नोमेला मस्जिद सिविल लाइंस, दरगाह शहदाना वली, रजा मस्जिद सौदागरान, दरगाह आला हजरत, दरगाह शराफत मियां शाहबाद में अदा की। वहीं शिया समुदाय के लोगों ने जामा मस्जिद किला और दीवानखाना मस्जिद में अदा की। सभी मस्जिदों में मुल्क में अमन-चैन की दुआ कराई गई।

घर-घर में बनी सेवई

बकरीद के लिए घर-घर में सेवई बनी। नमाज अदा करने के बाद लोग एक दूसरे के घरों में गए और सेवई का लुत्फ उठाया। सेवई के अलावा लोगों के घरों में एक से बढ़कर एक बेहतरीन पकवान बने थे। जिसका लोगों ने लुफ्त लिया। नमाज के बाद से देर रात तक एक दूसरे के घर जाने-आने, लजीज पकवान का लुत्फ लेने और एक दूसरे के बकरीद की मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा।

ईदगाह पहुंचे डीएम-एसएसपी

बाकरगंज स्थित ईदगाह में बकरीद की मुबारकबाद देने के लिए डीएम गौरव दयाल, एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के अलावा तमाम अफसर पहुंचे। डीएम और एसएसपी ने लोगों से गले मिले और बकरीद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर डा। कदीर, नासिर कुरैशी, जेसी पालीवाल, अनवर अली, सैयद सैफी आदि माैजूद रहे।

ईदी पाकर खिले उठे चेहरे

मौका ईद का था तो बच्चों को घर के बड़ों ने ईदी दी। लोगों ने अपनी हैसियत के हिसाब से बच्चों को ईदी दी। किसी ने ईदी के तौर पर कीमती तोहफा दिया तो किसी ने रुपए दिए। बच्चों को घर के बड़ों ने ईदी दी तो बदले में बच्चों ने उन्हें आदाब, सलाम पेश किया और गले लगाया। बकरीद के दिन हर शहर से लेकर रूरल एरिया के हर मुस्लिम घरों का माहौल बिल्कुल नूरानी रहा।