शहर में 250 से ज्यादा कॉलोनीज में द्वार बनाने पर बोर्ड में हुआ था प्रस्ताव पास

अवैध तरीके से गेट बनाकर रास्ता बंद करने पर नगर निगम बनाएगा बायलॉज

>BAREILLY:

शहर में होने वाले विकास कार्यो की फेहरिस्त में नई परिभाषा गढ़ी जाने की कवायद शुरू हो रही है। कॉलोनीज को नाम दिए जाने के लिए नगर निगम बजट से 4.50 करोड़ रुपए खर्च करेगा। यह पैसा किसी कॉलोनीज के विकास या उसकी मेंटनेंस पर नहीं बल्कि द्वार बनाने पर खर्च किए जाएंगे। टैक्स के रूप में मिली जनता की गाढ़ी कमाई से लोगों को कम्यूनिटी और कॉलोनी में बांटने का काम होगा। इस योजना को भी जनता के चुने नुमाइंदों ने ही मंजूरी दी है। नगर निगम की बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव बहुमत से पास हुआ था। शहर में करीब 200 से ज्यादा एरिया में द्वार बनाने के प्रस्ताव निर्माण विभाग को ि1मले हैं।

अवैध है गेट बंद करना

एक ओर नगर निगम शहर की कॉलोनीज में द्वार बनवाए जाने की कवायद में ही करोड़ों खर्च करने जा रहा। वहीं दूसरी ओर अवैध तरीके से कॉलोनीज में गेट बनवाकर रास्ता बंद करने वालों के खिलाफ भी चुप्पी साधे हुए है। शहर के सिविल लाइंस, डीडीपुरम, एकता नगर व रामपुर गार्डेन जैसे कई पॉश एरियाज में लोगों ने कॉलोनीज में दोनों छोर पर गेट बनवा लिए हैं। जिसके लिए नगर निगम से मंजूरी तक नहीं ली गई है। इन गेट को रात के बंद क दिया जाता है। जिससे राह से गुजरने वाले लोग परेशान रहते हैं। मेयर डॉ। आईएस तोमर ने इसे अवैध करार दिया है। साथ ही नगर निगम कॉलोनीज में गेट बनाने के खिलाफ बायलॉज बनाने का निर्देश दिया है।