नगर निगम में टैक्स जमा करने को उमड़े बकाएदार करदाता

पुराने नोट चलाने को एडवांस टैक्स से भी नहीं किया गुरेज

BAREILLY:

15 फीसदी की छूट, टैक्स जमा करने के लिए मोटिवेशन अभियान, बड़े बकाएदारों के नाम चौराहों पर लगी होर्डिग्स में दिखाने की चेतावनी और टैक्स वसूली की कार्रवाई का डर। नगर निगम ने शहर के करदाताओं से टैक्स वसूलने के लिए अपने तरकश का हर तीर चला दिया। लेकिन उसे उम्मीद के चौथाई बराबर भी टैक्स नहंी मिला, लेकिन फ्राइडे को 11-11-11 के एक अनोखे संयोग ने लंबे समय से टैक्स का सूखा झेल रहे नगर निगम को एक झटके में 86 लाख का टैक्स दिला दिया। साल के 11वें महीने नवंबर की 11 तारीख को रात 11 बजे तक 337 करदाताओं से निगम को 86.10 लाख रुपए का टैक्स मिला।

घरों से निकले करदाता

केन्द्र सरकार के आदेश के बाद थर्सडे शाम शासन ने सभी निकायों को 11 नवंबर को रात 11 बजे तक टैक्स वसूली में 500 व 1000 रुपए के नोट लिए जाने के निर्देश जारी किए थे। जिसके बाद फ्राइडे सुबह निगम के टैक्स विंडो में करदाताओं की भीड़ जुटने लगी। टैक्स जमा करने में दिलचस्पी न दिखा रहे करदाता घरों से निकले और 500 व 1000 के नोट में बकाया टैक्स जमा करने को लाइन में लगने लगे।

एडवांस से गुरेज नहीं

शहर में निगम के रजिस्टर्ड करदाताओं की तादाद करीब 1.45 लाख है। 1 अप्रैल से लेकर 10 नवंबर 2016 तक शहर के महज 16009 करदाताओं ने 11.92 करोड़ का टैक्स जमा किया था, लेकिन फ्राइडे को बैन करेंसी भी टैक्स में जमा किए जाने की छूट पर करदाताओं ने न सिर्फ बकाया टैक्स जमा किया। बल्कि 500-1000 की नोट खपाने को अगले साल का एडवांस टैक्स जमा करने से भी गुरेज न किया। टैक्स सुपरिटेंडेंट राजनारायण कमल की अगुवाई में टीम ने सुबह 11 बजे से लेकर रात 11 बजे तक टैक्स विंडो पर आने वाले करदाताओं का बकाया टैक्स लिया।