यह भी जानें

-6 गुना ज्यादा वसूली हो रही पहले से

-2.50 लाख रुपए डेली पहले नगर निगम करता था वसूली

-14-15 लाख रुपए अब हो रही डेली वसूली

-रिटायर्ड सैन्य ऑफिसर्स के साथ बकायेदारों के घर वसूली कर रहा नगर निगम

-शहर में जगह-जगह चलाया गया अतिक्रमण अभियान, फोर्स के चलते कब्जेदार नहीं कर सके विरोध

बरेली: 'कमांडो' यानि रिटायर्ड सैन्य ऑफिसर्स के आते ही नगर निगम मालामाल होने लगा है। नगर निगम जहां पहले एक दिन में 2.50 लाख रुपयों की वसूली करता था। वहीं कमांडो के साथ अब डेली 14 से 15 लाख रुपए की वसूली कर रहा है। इस तरह नगर निगम अब छह गुना वसूली कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक टैक्स वसूली करने के लिए नगर निगम विशेष अभियान चला रहा है। जिसमें मंडे को वे रिटायर्ड सेना के अफसरों के साथ वसूली के लिए गए जिससे उन्होंने 14.10 लाख रुपए वसूल किए। इसी तरह से ट्यूजडे को 13.66 लाख रुपए वसूल किए। वहीं कई लोग नगर निगम आकर भी बकाया टैक्स जमा कर रहे हैं।

सभी जोन में चला अभियान

नगर निगम में टोटल 80 वार्ड हैं। जिन्हें चार जोन में बांटा गया है। सभी वार्ड में 1 लाख 40 हजार से अधिक टैक्स पेयर हैं। जिनमें बहुत से ऐसे लोग हैं जिन पर एक लाख से ऊपर का टैक्स बकाया है। नगर निगम ने दोपहर के बाद शहर सभी जोन में हाउस टैक्स वसूली के लिए अभियान चलाया। इस दौरान जोन एक से 2.50 लाख, दो से 9.30 लाख, जोन तीन से 1.10 लाख और जोन चार से 76 हजार रुपए की वसूली की गई।

इनकी लिस्ट हो रही तैयार

एक लाख के ऊपर के बकायेदारों की सूची तैयार की जा रही है। इनसे टैक्स वसूलने के लिए प्रवर्तन दल को भी लगाया जाएगा। हालांकि प्रत्येक इंस्पेक्टर अपने-अपने स्तर से ऐसे बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान भी चलाना शुरू कर दिए हैं।

रिटायर्ड कर्नल कर रहे नेतृत्व

शहर में पूर्व सैन्य अफसरों की प्रवर्तन टीम बनाई गई है। जो नासूर बन चुके अतिक्रमण से शहर को मुक्त कराने में जुट गए हैं। इसके लिए शासन ने पूर्व कर्नल सुधीर भोला को प्रवर्तन अधिकारी बनाकर बरेली भेजा है। जिनकी अगुवाई में नगर निगम प्रवर्तन दल तैयार कर रहा है।

जोन वार टैक्स पेयर

जोन एक - 95583

जोन दो- 36749

जोन तीन-37540

जोन चार-26585

टीम में ये हैं शामिल

प्रवर्तन दल में 12 पूर्व आफिसर्स को शामिल किया गया है। जो रिटायर्ड आर्मी के जवान हैं। इनमें चार जेसीओ (जूनियर कमीशंड आफिस) और आठ एनसीओ (नान कमीशंड आफिसर) हैं।

अतिक्रमण भी हटाया

अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। सुबह बिहारीपुर करोलान के पास बाबू गारमेंट चौपला रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कर्नल सुधीर भोला की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया। इसी तरह शाम को जिला अस्पताल के पास अभियान चलाया गया। जिसमें अवैध कब्जों को तोड़कर चेतावनी दी और जुर्माना भी वूसला।

हाउस टैक्स बकायेदारों के घर इंस्पेक्टरों को प्रवर्तन दल के साथ भेजा जा रहा है। वसूली में तेजी आई है। इस समय 13-14 लाख रोजाना वसूली हो रही है, जबकि पहले ढाई लाख तक की होती थी।

ललतेश कुमार सक्सेना, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी