भोजीपुरा के कंचनपुर की रहने वाली ममता का निकला शव

दो दिन पहले मंदिर के लिए निकली थी घर,

बेटी और भतीजे का हाथ पर लिखा था नाम

BAREILLY: बीसलपुर रोड किनारे मिली महिला की लाश की संडे शाम पहचान हो गई। महिला भोजीपुरा के कंचनपुर की रहने वाली है। उसके हाथ पर लिखे नाम उसकी बेटी नीतू व बहन के बेटे विवेक के हैं। वह दो दिन से गायब थी। पुलिस महिला के परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस महिला के गांव भी जाएगी।

पति की हो चुकी मौत

महिला की पहचान कंचनपुर निवासी ममता के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बदायूं के मीरा सराय की रहने वाली है। उसके पति नितिन की मौत हो चुकी है। वह करीब 10 साल से अपने बेटी-दामाद के घर रह रही थी। वह सिलबट्टा बनाने का काम करती थी। दो दिन पहले वह घर से श्री सांई मंदिर में जाने के लिए निकली थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। वह कई बार मंदिर में भी रुक जाती थी। इसलिए परिजनों को ज्यादा चिंता भी नहीं हुई, लेकिन जैसे ही परिजनों को संडे शाम महिला के गायब होने के बारे में पता चला तो वे बिथरी चैनपुर थाना पहुंचे और उसकी पहचान की।

महिला की पहचान हो गई है। मामले की जांच के लिए महिला के गांव पुलिस टीम जाएगी। पहचान के बाद जल्द केस खुलने की उम्मीद है।

संतोष कुमार, सीओ फोर्थ बरेली