- एनक्रोचमेंट अभियान में न जाने वाले राम सिंह जाटव की पटेल चौक पर लगी होर्डिग

- मेयर के आदेश के बावजूद अभियान ठप, सपाईयों के प्रचार ने चौराहों पर किया कब्जा

BAREILLY: कभी शहर से अवैध कब्जे हटाने का इन्हें जिम्मा सौंपा गया था। फोर्थ क्लास कर्मचारी का पद होने के बावजूद अधिकारियों की तरह नीली बत्ती गाड़ी में बैठकर डंडा चलाते हुए एनक्रोचमेंट हटाया भी। लेकिन आज खुद शहर के पॉश चौराहे पर लगी अवैध होर्डिग्स में अपना प्रचार कर रहे हैं। एनक्रोचमेंट अभियान में शामिल न होने की धौंस पर ही पर्यावरण अभियंता से हाथापाई करने तक उतारू हो गए राम सिंह जाटव पटेल चौक में बिना निगम की परमिशन से लगाई एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की अवैध होर्डिग पर चमक रहे हैं। लेकिन अवैध होर्डिग्स हटाने का आदेश देने वाले जिम्मेदारों की नजरें इस ओर नहीं जा रही हैं।

होर्डिग्स पर रूतबा बरकरार

1 दिसम्बर को मेयर डॉ। आईएस तोमर ने पटेल चौक से अवैध होर्डिग्स व विज्ञापन हटाए जाने के आदेश दिए। लेकिन अभियान में शामिल होने से राम सिंह जाटव ने इनकार कर दिया और जोर देने पर पर्यावरण अभियंता उत्तम कुमार वर्मा से झड़प हो गई। लेकिन औपचारिक अभियान के बावजूद पटेल चौक में राम सिंह जाटव के फोटो वाली एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की होर्डिग बरकरार रही। राम सिंह जाटव के इस रुतबे की निगम में चर्चा जोरों पर है। जानकारों ने सैटरडे को निगम बोर्ड बैठक में विज्ञापन व होर्डिग्स पर हुए नगर आयुक्त और सपा पार्षदों के बीच हंगामे की वजहों व आरोपों के सच होने की संभावना जताई।

सपाईयों के आगे बेबस मेयर

पटेल चौक पर एनक्रोचमेंट हटाने का आदेश देने वाले मेयर सपाईयों के आगे बेबस साबित हो रहे हैं। 7 दिसम्बर को बरेली पहुंच रहे सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के स्वागत में सपाईयों ने पूरे शहर को बैनर-पोस्टर, होर्डिग्स व झंडियों से पाट दिया है। इसके चलते शहर के सबसे पॉश चौराहे पटेल चौक और चौकी चौराहा का नजारा सपाई रंग में सराबोर हो गया है। मामला सपा मुखिया और प्रदेश के सीएम के पिता की अगुवाई और पार्टी के प्रचार का है, तो मेयर भी चुप हैं। सपा कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी हफ्तों तक शहर भर में लगी इन अवैध होर्डिग्स को हटाने की कवायद शुरू न होने की संभावना है।

शहर में लगी अवैध होर्डिग्स हटाए जाने के लिए समय समय पर कार्रवाई होती है। यह जिम्मा अधिकारियों का है। अधिकारियों को एनक्रोचमेंट हटाने के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ। आईएस तोमर, मेयर