-एनक्रोचमेंट और होर्डिग्स में कमीशनबाजी पर दोनों भिड़े

-मेयर ने मांगा लिखित स्पष्टीकरण

BAREILLY:

होर्डिग्स-विज्ञापन की कमीशनबाजी और एनक्रोचमेंट अभियान में पद के रसूख की जंग के विवाद ने थर्सडे को नगर निगम में बड़े हंगामे का रूप ले लिया। थर्सडे को नगर निगम परिसर में पर्यावरण अभियंता उत्तम कुमार वर्मा और हेड मोहर्रिर राम सिंह जाटव के बीच जमकर कहासुनी हो गई। एनक्रोचमेंट अभियान में अवैध होर्डिग्स हटाने को लेकर दोनों के बीच शुरू हुआ विवाद बढ़ते बढ़ते विज्ञापन-होर्डिग्स की फाइलों पर आकर हाथापाई तक पहुंच गया। घटनाक्रम शुरू हुआ निगम आयुक्त ऑफिस सामने और दोनों लड़ते-झगड़ते मेयर ऑफिस तक पहुंच गए। दोनों मेयर के लड़ने लगे तो मेयर ने दोनों को फटकार लगाई और लिखित में स्पष्टीकरण मांगा है।

सपा के होर्डिग्स बने वजह

19 नवम्बर को बरेली में सीएम अखिलेश यादव के प्रोग्राम के चलते शहर को होर्डिग्स, बैनर पोस्टर व झंडियों से पाट दिया था। थर्सडे को नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव ने एनक्रोचमेंट टीम के अगुवा राम सिंह जाटव को अयूब खां चौराहा से अवैध होर्डिग्स हटाने के निर्देश दिए। राम सिंह जाटव ने पर्यावरण अभियंता अभियान पर जाने का आदेश दे दिया.पर्यावरण अभियंता ने उसे ही साथ चलने को कह दिया। रामसिंह ने इनकार कर दिया, इस बात पर विवाद बढ़ गया।

निगम में रामसिंह की दबंगई

निगम आयुक्त की शह पर निगम का एक साधारण सा क्लेरिकल स्टॉफ रामसिंह जमकर दबंगई करता है। पर्यावरण अभियंता पर उसने सरेआम होर्डिग्स-विज्ञापन की फाइलों में गड़बड़ी के आरोप लगा दिए। पर्यावरण अभियंता ने विरोध किया तो राम सिंह भड़क गया और हाथापाई पर उतर आया। आयुक्त की शह पर वह अक्सर अधिकारियों की तरह रौब गांठता हैं।

अवैध होर्डिग्स में आया नाम

निगम में बतौर एनक्रोचमेंट प्रभारी रहते हुए राम सिंह जाटव पर शहर में अवैध होर्डिग्स लगवाने के गंभीर आरोप लगे थे। एक विज्ञापन कंपनी के जरिए अवैध होर्डिग्स लगवाने और मोटा पैसा कमाने के भी आरोप हैं। उसके खिलाफ एक शिकायत जिसमें अर्धनारीश्वर नाम की होर्डिग्स कंपनी का उसे मालिक बताया गया है कि जांच पर्यावरण अभियंता कर रहे हैं। इसी से राम सिंह उनसे द्वेष रखता है।

-------------------------

नगर निगम में इस तरह की अशोभनीय हरकत किसी भी तरह बर्दाश्त न की जाएगी। दोनों से लिखित में मामले से जुड़ा जवाब मांगा गया है। नगर आयुक्त के साथ मिलकर इस मामले में दोनों पर कार्रवाई की जाएगी।

- डॉ। आईएस तोमर, मेयर